नई दिल्लीः दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर का मौसम सुहावना हो गया है। बीती रात हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह भी जारी है। नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है और आकाश में काले बादल छाए हुए हैं। आकाश में काले बादल होने की वजह से दिन में अंधेरा सा दिख रहा है। आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली से सटे हरियाणा में झमाझम बारिश हो सकती है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी आज तेज बारिश का अलर्ट है।
इन राज्यों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है। अगले दो दिनों तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, झारखंड, केरल, माहे, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी मौसम के ऐसे ही हालात रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है।
यूपी के लोगों के भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अगस्त को गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है, जबकि 6 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश की उम्मीद है। विभाग ने कहा कि 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौजूदा गर्म और उमस भरे मौसम से राहत मिलेगी।








