हॉकी वर्ल्ड कप जिसका आयोजन इस बार 15 अगस्त से लेकर 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड की मेजबानी में किया जा रहा है उसको लेकर हॉकी इंडिया ने महिला और पुरुष दोनों के स्क्वाड का ऐलान पहले ही कर दिया था। अब हॉकी इंडिया ने मेगा टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया की नई जर्सी को भी लॉन्च कर दिया है जो केसरिया यानी ऑरेंज कलर में है। इस जर्सी के सामने आने के बाद से काफी बवाल मचा हुआ है जिसमें पूर्व भारतीय कप्तान वीरेन रासक्विन्हा ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया है कि आखिर भारतीय हॉकी की पहचान रहे नीले रंग को बदलने की जरूरत क्यों पड़ी। अब इन सभी मुद्दों को लेकर हॉकी इंडिया की तरफ से जवाब भी सामने आ गया है जिसमें उन्होंने साफ कि जर्सी के रंग को सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों की तरफ से मिले सुझाव के बाद बदलने के फैसला लिया गया।
टर्फ का कलर ब्लू होने की वजह से जर्सी का रंग बदला
वर्ल्ड कप के लिए जर्सी का कलर बदलने को लेकर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए बयान में सभी सवालों का जवाब देते हुए कहा कि 15 अगस्त से बेल्जियम और नीदरलैंड में पुरुष और महिलाओं का FIH हॉकी विश्व कप की शुरूआत होने जा रही है। इससे पहले भारतीय टीम की नई जर्सी लॉन्च हुई। इस बार जर्सी का रंग केसरिया (ऑरेंज) रखा गया है। इससे पहले जर्सी का रंग नीला रहा है और ये पहली बार नहीं है जब जर्सी का रंग बदला गया है। इस बार भी हमारे सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों की तरफ से सुझाव आया था कि मैदान (ब्लू टर्फ) और प्लेइंग किट दोनों ही नीले रंग के हैं। इससे एक-दूसरे को पहचानने और विजिबिलिटी में काफी दिक्कत होती है। जर्सी के रंग का जो सुझाव आया था वो दो रंगों में आया था, जिसमें पहला पीला और दूसरा ऑरेंज। इसमें ऑरेंज रंग को चुना गया जो हमारे राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों में भी शामिल है। यदि टूर्नामेंट के बाद ये रंग खिलाड़ियों को पसंद नहीं आएगा तो ये कैसे बेहतर हो पाएगा उस पर हम काम कर सकते हैं।
पहली बार नहीं बदला गया जर्सी का कलर
भारतीय हॉकी के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने बताया कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि जर्सी के कलर को बदलने का फैसला लिया गया है। इससे पहले साल 2014 के FIH हॉकी विश्व कप में टीम इंडिया की जर्सी का कलर पीला था, जबकि साल 2018 के FIH हॉकी विश्व कप में स्काई ब्लू कलर की जर्सी को पहना गया था। बता दें कि भारतीय हॉकी टीम आगामी वर्ल्ड कप में 19 अगस्त को वेल्स की टीम के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान का आगाज करेगी।
ये भी पढ़ें
मुरली श्रीशंकर ने लगातार दूसरी बार CWG में जीता सिल्वर मेडल, फाइनल इवेंट में 8.09 मीटर की लगाई छलांग









