आजमगढ़ में भीषण हादसा, ट्रांसफार्मर से टकराया डीजल टैंकर, तीन की जिंदा जलकर मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


आजमगढ़ में 4 जुलाई की सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गोरखपुर से डीजल लेकर जा रहा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज धमाके के साथ टैंकर में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि टैंकर में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, डीजल से भरा टैंकर गोरखपुर से बिलरियागंज स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सीधे ट्रांसफार्मर से जा भिड़ा। टक्कर के साथ ही ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर पड़ा और चंद सेकंड में टैंकर आग की चपेट में आ गया। 

टैंकर में सवार तीन लोगों की जलकर मौत 

मौके पर मौजूद लोगों ने आग की ऊंची लपटें देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कोई भी टैंकर के करीब नहीं जा सका। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और आग की लपटों से भर गया, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जीयनपुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जब तक लपटें शांत हुईं, तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था और उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक की पहचान भीखमपुर के थाना मेहनगर के निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। जबकि अन्य दो शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के लिए परिजनों और आसपास के जिलों से संपर्क कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह टैंकर का अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकराना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और खतरनाक ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। इस घटना के इतर ग्रेटर नोएडा से भी आग को लेकर दिल दहला देने वाली खबर आई, जिसमें 2 दमकलकर्मियों की मौत हो गई। 

(रिपोर्ट: रवि प्रकाश सिंह)

यह भी पढ़ें:

मेरठ में कांवड़ियों के दो गुट आपस में भिड़े, पुलिस के सामने जिप्सी से निकालकर लाठी-डंडों से पीटा

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो कांवड़ियों की गई जान, घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें