सुल्तानपुर में गुरुवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरी एक निजी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की जान चली गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 96.5 के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। बताया गया कि निजी बस गुरुग्राम से बिहार जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम प्रभात सिंह, बल्दीराय के क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार और थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में घायल 11 यात्रियों को कुमारगंज स्थित 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यात्रियों से खचाखच भरी थी बस
बस में यात्रा कर रहे घनश्याम तिवारी ने दावा किया कि बस में यात्रियों की संख्या काफी अधिक थी और उन्होंने बस के ओवरलोड होने का आरोप भी लगाया। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार के मुताबिक, पीआरबी के जरिए हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत कार्य पूरा करने के साथ मृतकों के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि घायलों के समुचित इलाज और हरसंभव सहायता की व्यवस्था की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया है। इसी महीने देवरिया में एक स्कूल बस ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी थी, जिसमें रिक्शा चालक की मौत हो गई थी।
(रिपोर्ट: जागृति श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें:
कानपुर में टेंडर माफियाओं के सिंडिकेट का खुलासा, 3 लोग गिरफ्तार, मास्टरमाइंड गोविंद शर्मा फरार







