सिया और केतन जैसी घटनाएं अचानक नहीं होतीं! प्यार, भरोसा और भ्रम में कैसे करें फर्क, इन संकेतों से समझें रिश्तों के रेड फ्लैग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


पुणे में हाल ही में सामने आए एक चर्चित हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है. इस घटना के बाद मेरे पास लगातार लोगों के संदेश आए. पिछले छह-सात वर्षों से मैं रिलेशनशिप और भावनात्मक आघात (Emotional Trauma) से जुड़े मामलों पर काम कर रहा हूं, इसलिए लोगों के सवाल लगभग एक जैसे थे- क्या प्यार इंसान को इतना अंधा बना देता है कि वह सामने दिख रहे संकेत भी नहीं पहचान पाता? क्या कोई व्यक्ति इतना क्रूर हो सकता है? और सबसे बड़ा सवाल, क्या ऐसी घटनाओं के संकेत पहले से मौजूद होते हैं?

इन सवालों का कोई आसान जवाब नहीं है. हर रिश्ता अलग होता है और हर व्यक्ति की मनोवैज्ञानिक पृष्ठभूमि भी अलग होती है, इसलिए किसी एक घटना को देखकर सभी रिश्तों पर निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा. लेकिन एक अनुभव आज भी मुझे याद है.

एक युवती की कहानी जिसने रिश्तों का दूसरा पहलू दिखाया

कुछ वर्ष पहले एक युवती मेरे पास आई. वह बार-बार कहती थी, ‘सर, अब जीने का मन नहीं करता. मुझे लगता है कि कोई मुझे समझता ही नहीं.’ शुरुआती बातचीत में लगा कि वह केवल अवसाद और अकेलेपन से जूझ रही है, लेकिन जैसे-जैसे थेरेपी आगे बढ़ी, एक बिल्कुल अलग तस्वीर सामने आई.

उसके एक ही समय में कई लोगों के साथ रिश्ते थे. सुबह किसी और से बात, शाम किसी और के साथ भावनात्मक जुड़ाव. आश्चर्य की बात यह थी कि वह किसी भी रिश्ते में संतुष्ट नहीं थी. जब मैंने उससे पूछा कि वह ऐसा क्यों करती है, तो उसने कहा, ‘सर, जब एक रिश्ता मुझे वह एहसास नहीं देता, जिसकी मुझे तलाश है, तो मैं दूसरा रिश्ता खोजने लगती हूं.’

मैंने उससे पूछा, ‘क्या तुम्हें अपराधबोध नहीं होता?’ वह रो पड़ी. उसने कहा, ‘बहुत होता है, लेकिन वही अपराधबोध मुझे फिर किसी नए रिश्ते की तरफ धकेल देता है.’

जब मैंने पूछा कि सामने वाले लोगों को कभी शक नहीं हुआ, तो उसका जवाब और भी दिलचस्प था. उसने कहा, ‘अधिकांश लोग मेरे व्यवहार के बजाय मेरे प्यार भरे शब्दों और आकर्षण में उलझे रहते थे. अगर कभी कोई पूछता कि दिन भर फोन क्यों नहीं उठाया, तो मैं कह देती कि दोस्तों के साथ थी. कभी-कभी मज़ाक में सच भी कह देती कि किसी और के साथ थी, लेकिन उन्हें विश्वास ही नहीं होता था.’

समस्या रिश्तों में नहीं, भीतर के खालीपन में थी

थेरेपी के दौरान धीरे-धीरे यह स्पष्ट हुआ कि समस्या उसके चरित्र से ज़्यादा उसके बचपन में थी. उसके भीतर बचपन से ही प्यार, सुरक्षा और भावनात्मक स्वीकार्यता की गहरी कमी थी. वह हर नए रिश्ते में उसी खालीपन को भरने की कोशिश कर रही थी. कुछ समय के लिए उसे अच्छा महसूस होता, लेकिन फिर वही खालीपन लौट आता.

मनोविज्ञान हमें बताता है कि जब कोई रिश्ता हमें अपनापन और सुरक्षा देता है, तो हमारे मस्तिष्क में ऐसे रासायनिक परिवर्तन होते हैं, जो हमें सुख और जुड़ाव का अनुभव कराते हैं. लेकिन यदि भीतर का घाव बचपन से अनसुलझा हो, तो कोई भी रिश्ता उसे स्थायी रूप से नहीं भर सकता.

हमने उसके साथ बचपन के अनुभवों पर काम किया, माता-पिता के साथ संवाद दोबारा स्थापित कराया और धीरे-धीरे उसने यह समझना शुरू किया कि वह दूसरों से पहले स्वयं को धोखा दे रही थी. लगभग तीन महीने बाद उसके व्यवहार में बड़ा परिवर्तन दिखाई दिया. आज वह कहीं अधिक संतुलित जीवन जी रही है और अपनी भावनात्मक ज़रूरतों के लिए लगातार नए रिश्ते नहीं खोजती.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

क्यों नजरअंदाज हो जाते हैं चेतावनी संकेत?

यहीं से हमें पुणे जैसी घटनाओं को भी समझने की कोशिश करनी चाहिए. मैं यह दावा बिल्कुल नहीं कर रहा कि उस मामले में भी यही मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया रही होगी. वह मामला जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है, लेकिन सामान्य रूप से जब हम ऐसे मामलों को देखते हैं, तो हमें यह समझना चाहिए कि इंसान का व्यवहार केवल वर्तमान से नहीं, बल्कि उसके भीतर वर्षों से बन रहे अनुभवों, विश्वासों और अधूरी भावनात्मक जरूरतों से भी प्रभावित होता है.

हमारे मस्तिष्क में एक मनोवैज्ञानिक फिल्टर होता है, जिसे सरल भाषा में ‘क्रिटिकल माइंड’ कहा जा सकता है. यही हमारे तर्क और अवचेतन मन के बीच की परत है. यह तय करता है कि किस बात पर विश्वास करना है और किस पर नहीं, लेकिन जब कोई व्यक्ति हमारे अकेलेपन, असुरक्षा या भावनात्मक खालीपन को भरने जैसा अनुभव देता है, तो कई बार यही फिल्टर कमजोर पड़ जाता है. तब हम सामने मौजूद चेतावनी संकेतों को भी नजरअंदाज कर देते हैं.

बदलते समाज में रिश्तों की नई चुनौतियां

आज रिश्ते पहले जैसे नहीं रहे. भारतीय समाज भी बदल रहा है और हमारे विश्वास भी. एक तरफ हम आधुनिक जीवनशैली अपना रहे हैं, दूसरी तरफ हमारी भावनात्मक परवरिश अब भी पारंपरिक मूल्यों से बनी है. यही टकराव कई परिवारों और रिश्तों में दिखाई देता है. आर्थिक दबाव बढ़े हैं, भूमिकाएं बदली हैं, अपेक्षाएं बदली हैं, लेकिन संवाद करने का तरीका उतनी तेजी से नहीं बदला.

इस पूरे घटनाक्रम से सबसे बड़ी सीख यही मिलती है कि किसी भी रिश्ते की नींव केवल प्रेम नहीं होती. विश्वास, पारदर्शिता, भावनात्मक परिपक्वता और संवाद-ये चारों उतने ही आवश्यक हैं. अगर किसी रिश्ते में बार-बार भ्रम, डर, नियंत्रण, झूठ या भावनात्मक असंतुलन दिखाई दे, तो उसे केवल “प्यार” कहकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

स्वस्थ रिश्ते की असली नींव क्या है?

हर रिश्ता बचाया नहीं जा सकता, लेकिन हर रिश्ता ईमानदारी से समाप्त किया जा सकता है. किसी भी परिस्थिति में हिंसा या छल समाधान नहीं हो सकता और शायद यही सीख हमें ऐसे हर मामले से लेनी चाहिए-रिश्तों को समझने की शुरुआत दूसरे व्यक्ति से नहीं, बल्कि अपने भीतर झांकने से होती है.

अब बात उन लोगों की, जो शादी करने जा रहे हैं, जिनका प्रेम विवाह होने वाला है या जो अरेंज मैरिज में एक-दूसरे को समझने की कोशिश कर रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि कैसे समझें कि हमारा रिश्ता सही दिशा में जा रहा है या नहीं.

शादी या गंभीर रिश्ते से पहले किन बातों पर ध्यान दें?

सबसे पहला संकेत शब्दों में नहीं, व्यवहार में मिलता है. यह देखिए कि सामने वाला व्यक्ति जो कहता है, क्या वह उसके व्यवहार में भी दिखाई देता है? क्योंकि इंसान वही व्यवहार लगातार कर पाता है, जिसकी प्रोग्रामिंग उसके अवचेतन मन में होती है. शब्द कुछ समय के लिए बदले जा सकते हैं, लेकिन व्यवहार लंबे समय तक अभिनय नहीं कर सकता.

दूसरी बात यह देखिए कि वह व्यक्ति आपके बारे में अपने दोस्तों और परिवार के सामने किस तरह बात करता है. क्या वह आपको उसी सम्मान और सहजता से प्रस्तुत करता है, जैसा आपके सामने करता है, या बातें बदल जाती हैं, बढ़ा-चढ़ाकर कही जाती हैं या आपको छिपाया जाता है? हर व्यक्ति की निजता का सम्मान होना चाहिए, लेकिन यदि कोई लगातार अपने रिश्ते को स्वीकार करने से बच रहा है या अलग-अलग लोगों के सामने अलग-अलग कहानी बता रहा है, तो यह एक संकेत हो सकता है कि रिश्ते को थोड़ा और गहराई से समझने की ज़रूरत है.

तीसरी बात, संवाद का तरीका देखिए. हर व्यक्ति की अपनी अलग व्यक्तित्व शैली होती है. कोई तुरंत प्रतिक्रिया देता है, कोई थोड़ा समय लेकर बात करता है. इसलिए केवल इस बात से निर्णय मत लीजिए कि जवाब पाँच मिनट में आया या पाँच घंटे में. लेकिन यदि आपने किसी गंभीर बात को साझा किया है, तो क्या वह व्यक्ति उसे समझने, उस पर विचार करने और वापस संवाद करने की कोशिश करता है? स्वस्थ रिश्तों में प्रतिक्रिया का समय अलग हो सकता है, लेकिन संवाद कभी समाप्त नहीं होता.

चौथी बात, किसी भी व्यक्ति को उसके अच्छे दिनों से नहीं, बल्कि कठिन दिनों से पहचानिए. जब वह तनाव में होता है, आर्थिक दबाव में होता है, किसी समस्या से गुजर रहा होता है या आप दोनों के बीच मतभेद होता है, तब उसका व्यवहार कैसा होता है? क्या वह संतुलित रहने की कोशिश करता है, या अपमान, धमकी, चुप्पी या भावनात्मक दबाव का सहारा लेता है?

झगड़े हर रिश्ते में होते हैं. मतभेद होना सामान्य बात है, लेकिन झगड़े के दौरान इस्तेमाल होने वाले शब्द बहुत कुछ बता देते हैं. जब हम अत्यधिक भावुक होते हैं, तब हमारा तार्किक नियंत्रण कमज़ोर पड़ जाता है और कई बार भीतर दबे हुए विश्वास, गुस्सा और संस्कार सीधे शब्दों के रूप में बाहर आने लगते हैं. इसलिए केवल यह मत देखिए कि झगड़ा हुआ या नहीं, बल्कि यह देखिए कि झगड़े के दौरान सम्मान बचा रहा या नहीं.

संकट के समय ही होती है रिश्ते की असली परीक्षा

एक और महत्वपूर्ण बात है-मुसीबत के समय का व्यवहार. जब आप बीमार पड़ें, आर्थिक कठिनाई में हों या जीवन किसी चुनौती से गुजर रहा हो, तब सामने वाला आपके साथ कैसे खड़ा होता है? मैंने ऐसे भी रिश्ते देखे हैं, जहां पति-पत्नी दिनभर छोटी-छोटी बातों पर बहस करते हैं, लेकिन संकट आने पर सबसे पहले एक-दूसरे का हाथ पकड़ते हैं. वहीं, ऐसे रिश्ते भी देखे हैं जो बाहर से बहुत आदर्श दिखाई देते हैं, लेकिन मुश्किल समय में पूरी तरह टूट जाते हैं. इसलिए किसी रिश्ते की असली परीक्षा अच्छे समय में नहीं, कठिन समय में होती है.

निजी बातों को सार्वजनिक करने से बचें

अब एक ऐसी बात, जिस पर हमारे समाज में बहुत कम चर्चा होती है. यदि पति-पत्नी के बीच शारीरिक या वैवाहिक जीवन से जुड़ी कोई बात है, तो कोशिश कीजिए कि वह उसी निजी दायरे तक सीमित रहे. उस पर दोस्तों, रिश्तेदारों या परिवार में चर्चा करने से अक्सर समस्या हल नहीं होती, बल्कि भावनात्मक दूरी बढ़ जाती है. ऐसे विषय बहुत संवेदनशील होते हैं और उनका समाधान भी सम्मान, संवाद और परिपक्वता के साथ होना चाहिए.

इसी तरह, घर की चारदीवारी के भीतर की हर बात चारदीवारी के बाहर ले जाना भी रिश्ते को कमजोर कर सकता है. यदि किसी कारण से मतभेद हैं, तो पहले दोनों मिलकर उन्हें सुलझाने का प्रयास करें. यदि आवश्यकता हो, तो किसी प्रशिक्षित रिलेशनशिप एक्सपर्ट, काउंसलर या मनोवैज्ञानिक से सलाह लें. लेकिन केवल सहानुभूति पाने के लिए हर व्यक्ति के सामने अपने रिश्ते की शिकायतें रखना कई बार रिश्ते में अनावश्यक लोगों की दखल बढ़ा देता है.

यह भी याद रखिए कि बाहर का व्यक्ति अक्सर आपके रिश्ते को नहीं, आपको देख रहा होता है. वह आपकी बात सुनकर आपको सही ठहरा सकता है, आपको सांत्वना दे सकता है, लेकिन वह आपके रिश्ते की पूरी कहानी नहीं जानता. कई बार अनजाने में यही सलाह रिश्तों के बीच ऐसी दूरी पैदा कर देती है, जिसे बाद में भरना मुश्किल हो जाता है.

सबसे पहले हमेशा यही प्रयास होना चाहिए कि संवाद दोनों लोगों के बीच बना रहे. और यदि किसी कारण से बात घर से बाहर चली भी जाए, तब भी उद्देश्य किसी को दोषी साबित करना नहीं, बल्कि समाधान खोजना होना चाहिए.

अंत में बस एक बात. रिश्ते अदालत नहीं होते, जहां हर समय यह तय किया जाए कि कौन सही है और कौन गलत. रिश्ते भावनात्मक साझेदारी होते हैं. वे विश्वास, सम्मान, करुणा, सुरक्षा और संवाद पर टिके रहते हैं. जहां हर बहस जीतने की कोशिश होगी, वहां धीरे-धीरे रिश्ता हारने लगता है. लेकिन जहां दोनों लोग एक-दूसरे को समझने की कोशिश करते हैं, वहां कठिन परिस्थितियां भी रिश्ते को मजबूत बना सकती हैं. – (अमित कुमार निरंजन)

अस्वीकरण (Disclaimer):
यह विश्लेषण 25 जून 2026 तक मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस द्वारा सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर किया गया है. इस लेख का उद्देश्य किसी व्यक्ति को दोषी या निर्दोष घोषित करना नहीं है. पुणे की घटना को केवल एक उदाहरण के रूप में लिया गया है ताकि रिश्तों, भावनात्मक व्यवहार और मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर जागरूकता बढ़ाई जा सके. न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी भी व्यक्ति के बारे में अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा.



Source link

Leave a Comment

और पढ़ें