जापान के शिज़ूओका प्रांत में एक 7-Eleven सुविधा स्टोर में भारतीय पर्यटक को नस्लभेद और उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा। कंटेंट क्रिएटर अनंत ने इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो साझा कर इस घटना का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि शिज़ूओका में उनके आखिरी दिन यह अप्रिय घटना घटी। “जापान पुलिस ने भारतीय पर्यटक को नस्लवाद और उत्पीड़न से बचाया” शीर्षक वाले एक इंस्टाग्राम वीडियो में, अनंत नाम के इस पर्यटक ने अपने साथ हुई घटना का विस्तृत वर्णन किया है, जो तब शुरू हुई जब उन्होंने दुकान के एक कर्मचारी से अपना खाना दोबारा गर्म करने के लिए कहा।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर onroadindian नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में उन्होंने बताया कि, वे स्टोर में गए और नेपाली कर्मचारी से अपने खाने को गर्म करने का अनुरोध किया। अनंत के अनुसार, वे स्टोर में गए और नेपाली कर्मचारी से अपने खाने को गर्म करने का अनुरोध किया। कर्मचारी ने सहमति दे दी लेकिन इससे पहले स्टोर की मालकिन (या मैनेजर) वहां पहुंचीं और आक्रामक व्यवहार करने लगीं। उन्होंने अनंत से उनकी राष्ट्रीयता पूछी। जब उन्होंने बताया कि वे भारत से हैं, तो मालकिन ने चिल्लाना शुरू कर दिया और नस्लीय टिप्पणियां कीं। अनंत ने वीडियो में कहा, “मैंने कहा कि मैं भारत से हूं, फिर उन्होंने पुलिस बुला ली।” बहस बढ़ने पर अनंत ने कहा कि उसने स्टोर मैनेजर की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी, ताकि बाद में अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए सबूत के तौर पर उसका इस्तेमाल कर सके। पुलिस कॉल के तुरंत बाद मौके पर पहुंच गई, लेकिन स्थिति और फुटेज देखने के बाद उन्होंने पाया कि अनंत ने कुछ भी गलत नहीं किया था। अनंत ने बताया कि पुलिस ने उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया और दुकान की मालकिन को फटकार लगाई।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर देखने के बाद कई यूजर्स ने इसे देखा और प्रतिक्रिया दी है। आखिरी अपडेट तक वीडियो को लगभग दस लाख बार देखा जा चुका था और सोशल मीडिया यूजर्स ने अनंत से नेपाली कर्मचारी को ढूंढकर उसकी मदद करने की गुजारिश की थी। हालांकि, अनंत ने जवाब दिया कि पुलिस और दुकान मालिक ने उन्हें कर्मचारी तक पहुंचने नहीं दिया। उन्होंने कहा, ‘मैंने उस नेपाली व्यक्ति से संपर्क करने की बहुत कोशिश की, लेकिन पुलिस और मालिक ने मुझे उससे बात नहीं करने दी। मुझे नहीं पता कि वे उसके साथ इतने असभ्य क्यों थे; शायद इसलिए कि उसने झूठ नहीं बोला और सच्चाई के साथ खड़े रहने की कोशिश की।’ कई यूजर्स ने जापान में विदेशी पर्यटकों, खासकर भारतीयों, के साथ व्यवहार पर चर्चा शुरू की। कुछ ने भाषा बाधा या सांस्कृतिक अंतर को वजह बताया, जबकि कई ने अनंत के अनुभव को नस्लभेद करार दिया।
गौरतलब है कि, इससे पहले जापान में साफ-सफाई की व्यवस्था से जुड़ा वीडियो भी वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –
भारत से कितने अलग हैं अमेरिका के ऑफिस, भारतीय शख्स ने गिनाए फायदे-नुकसान; Viral Video में देखें









