राष्ट्र गीत वंदे मातरम् को राष्ट्र गान- ‘जन गण मन’ जैसा कानूनी संरक्षण मिल चुका है। और इस बीच, केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने वंदे मातरम् के पूरे गायन का विरोध करने वालों पर निशाना साधा है। मांझी ने इसको लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया और उसमें टुकड़े-टुकड़े गैंग का भी जिक्र किया। हालांकि, मांझी ने अपने पोस्ट में किसी पार्टी या व्यक्ति का नाम नहीं लिया।
विरोध करने वाले सुधरे नहीं तो जनता करेगी टुकड़े-टुकड़े
जीतनराम मांझी ने X पर पोस्ट किया, ”टुकड़े-टुकड़े गैंग वाले अब संसद से पास हुए राष्ट्र गीत वंदे मातरम् के भी टुकड़े-टुकड़े करने की बात कह रहें हैं। अगर वक्त के साथ ये नहीं सुधरे तो जनता इनके टुकड़े-टुकड़े कर देगी। करारा जवाब मिलेगा।”
पूरा वंदे मातरम् गाने को तैयार नहीं कांग्रेस
दरअसल, हाल में कांग्रेस वर्किंग कमेटी यानी CWC की बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस पार्टी के 88 सीनियर लीडर मौजूद थे। इस मीटिंग में फैसला लिया गया कि कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों में पहले की तरह वंदे मातरम् का सिर्फ 2 स्टैंजा ही गाया जाएगा। वंदे मातरम् का फुल वर्जन नहीं गाया जाएगा।
स्वतंत्रता के 80 साल बाद वंदे मातरम् को पहनाया गया कानूनी जामा
गौरतलब है कि आजादी के 80 साल बाद वंदे मातरम् को कानूनी जामा पहनाया गया है। 30 जुलाई को संसद से वंदे मातरम् कानून पास किया गया। इसके बाद, 13 अगस्त को देश की संसद में पहली बार वंदे मातरम् गाया गया। फिर, 15 अगस्त को लाल किला पर पहली बार वंदे मातरम् गाया गया। लेकिन 15 अगस्त को ही इस पर विवाद शुरू हो गया, जब कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् पूरा नहीं गाया गया।
अल्लाह के अलावा किसी और को सजदा नहीं कर सकता- इमरान मसूद
इसके बाद, 17 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आधा वंदे मातरम् ही गाया। फिर, 18 अगस्त को खड़गे ने वंदे मातरम् कानून पर सवाल उठाया। 19 अगस्त को कांग्रेस ने वंदे मातरम् के 2 छंद ही गाने का फैसला लिया, जिस पर विवाद शुरू हो गया। इसको लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद कह रहे हैं कि अल्लाह के अलावा किसी और को सजदा नहीं कर सकता हूं। इससे पहले, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी वंदे मातरम् विवाद पर कांग्रेस को घेर चुके हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने 1937 में तुष्टिकरण के लिए देश के विभाजन की नींव डाली थी।
ये भी पढ़ें- वंदे मातरम् को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत, सामने आया DCP सेंट्रल का बयान








