IPL के फाउंडर और बिजनेसमैन ललित मोदी के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के आने वाले सीजन में हिस्सा लेने की खबरों के एक दिन बाद उन्होंने इन अफवाहों का खंडन किया और इसे ‘फेक न्यूज’ बताते हुए कानूनी नोटिस भेजा। बिजनेसमैन ने सोशल मीडिया पर साफ किया कि उन्हें इस शो के लिए कोई अप्रोच नहीं किया गया है और न ही उनका इसमें हिस्सा लेने का कोई इरादा है। नोटिस में यह भी कहा गया कि मोदी ने किसी भी पब्लिकेशन को यह कन्फर्म नहीं किया था कि वह ‘बिग बॉस 20’ में हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही इसमें मीडिया हाउस से यह भी कहा गया कि वे गलत खबरें हटा दें और मोदी से पुष्टि किए बिना ऐसा कोई दोबारा न छापें।
ललित मोदी ने बिग बॉस में एंट्री की खबर को बताया झूठा
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान द्वारा होस्ट किया जाने वाला ‘बिग बॉस 20’ अगले महीने शुरू होने वाला है। कंटेस्टेंट्स की लिस्ट अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की गई है, लेकिन एक टीजर ने एक अनोखे कॉन्सेप्ट का हिंट दिया है। इसी बीच, इस हफ्ते कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ललित मोदी इस साल कंटेस्टेंट्स में शामिल होंगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, ललित मोदी ने शनिवार सुबह इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘फेक न्यूज। बस बात खत्म। मुझे बिग बॉस 20 के लिए अप्रोच नहीं किया गया है। मैं बिग बॉस 20 में हिस्सा नहीं ले रहा हूँ। और मेरा ऐसा करने का कोई इरादा भी नहीं है। हैरानी की बात है कि कैसे एक पूरी तरह से मनगढ़ंत कहानी न्यूज बन जाती है, जबकि किसी ने भी संबंधित व्यक्ति से पूछने की जहमत नहीं उठाई।’
ललित मोदी ने भेजा लीगल नोटिस
बिजनेसमैन ने अपने वकीलों ‘हिरानी एंड एसोसिएट्स’ की तरफ से एक कानूनी नोटिस भेजा। इसमें उन सोशल मीडिया अकाउंट्स और पब्लिकेशन को चेतावनी दी गई, जिन्होंने यह खबर चलाई थी। उन्होंने कहा, ‘शायद अगली बार कुछ भी पब्लिश करने से पहले उसकी पुष्टि कर लें।’ ललित मोदी के वकीलों की तरफ से भेजे गए। इस नोटिस में उन खबरों का जिक्र किया गया, जिनमें दावा किया गया था कि उन्हें ‘बिग बॉस 20’ के लिए साइन किया गया है। नोटिस में साफ कहा गया, ‘हमारे क्लाइंट का कहना है कि ये खबरें झूठी, बेबुनियाद और शरारतपूर्ण हैं। हमारे क्लाइंट से इस प्रोग्राम के प्रोड्यूसर्स, ब्रॉडकास्टर्स, चैनल या किसी भी प्रतिनिधि ने संपर्क नहीं किया है। किसी भी व्यक्ति को हमारे क्लाइंट का प्रतिनिधित्व करने या उनकी तरफ से इस बारे में कोई बात कहने का अधिकार नहीं दिया गया है और हमारे क्लाइंट ने इस प्रोग्राम में भाग लेने या किसी भी तरह से इससे जुड़ने के लिए न तो सहमति दी है और न ही उनका ऐसा कोई इरादा है।’
बिग बॉस 20 कब होगा शुरू
इस हफ्ते की शुरुआत में बिग बॉस 20 के पहले ट्रेलर में होस्ट सलमान खान ने एक नए ट्विस्ट के बारे नें बताया है, जिसमें कंटेस्टेंट को एक ‘जीवन दान’ मिलेगा। बिग बॉस सीजन 20 का प्रीमियर 6 सितंबर को जियो हॉटस्टार और कलर्स पर होगा। इस सीजन में हिस्सा लेने की अफवाह वाले कुछ नामों में निया शर्मा, अर्जुन बिजलानी, करण पटेल और जन्नत जुबैर शामिल हैं।
ये भी पढ़ें – एक वरदान के ट्विस्ट के साथ लौट रहा ‘बिग बॉस 20’, सलमान खान पलटेंगे खेल, नए प्रोमो ने किया फैंस को एक्साइटेड







