फारबिसगंज जिले में मध्य निषेध अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए सब्जी के ठेले की आड़ में चल रहे शराब के धंधे का भंडाफोड़ किया है। एएलटीएफ और फारबिसगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मार्केटिंग यार्ड बाजार समिति में छापेमारी कर करीब 30 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की और एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह बीते पांच दिनों के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे बिहार में शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
संयुक्त छापेमारी में बड़ी सफलता
जानकारी के अनुसार, एएलटीएफ प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मध्य निषेध अभियान के तहत फारबिसगंज थाना पहुंचे। थाना पुलिस को सूचना देने के बाद गुप्त सूचना के आधार पर मार्केटिंग यार्ड बाजार समिति में संयुक्त छापेमारी की गई।
सब्जी के ठेले से बरामद हुई शराब
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोपालपुर मझुआ निवासी 55 वर्षीय जगदीश महतो को सब्जी के ठेले पर छिपाकर देसी चुलाई शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी लेने पर ठेले में प्लास्टिक के थैले में छिपाकर रखी गई करीब 30 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तस्कर गिरफ्तार, जांच शुरू
गिरफ्तार तस्कर और बरामद शराब को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए फारबिसगंज थाना के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब कहां से लाता था और इस कारोबार में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
अवैध कारोबारियों में पुलिस का खौफ
कार्रवाई के दौरान बाजार समिति में मौजूद लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि सब्जी बेचने की आड़ में शराब की बिक्री से बाजार का माहौल खराब हो रहा था, लेकिन लगातार हो रही छापेमारी से अवैध कारोबारियों में कानून का डर साफ दिखाई देने लगा है।
अवैध शराब निर्माण कारोबार पर सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मध्य निषेध अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा। पुलिस से कहा है कि किसी भी तस्कर को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ेंः रोहतास में मजदूर की गोली मारकर हत्या, शव नहर में फेंका, गुस्साई भीड़ ने आरोपी का घर, ट्रैक्टर-हार्वेस्टर फूंका









