थालापति विजय अब साउथ इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार्स ही नहीं बल्कि तमिलनाडु की राजनीति के सबसे चमकते सितारे भी बन चुके हैं. अब उनका तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनना तय है. वैसे विजय की प्रेम कहानी भी बहुत उतार चढ़ाव वाली है. रोमांस के मसाले हैं तो पति, पत्नी और वो का तड़का भी. उनकी पत्नी ने चुनावों के दौरान ही अदालत में तलाक के लिए अर्जी दी.
उनके रोमांस और फिर शादी की लव स्टोरी भी गजब की है. शादी के शुरुआती साल तो अच्छे बीते. फिर शादी के 25-26 साल बाद इसमें दरारें पड़ने लगीं. वजह पति, पत्नी और वो थी.
विजय ने तमिल सिनेमा में एक से एक हिट फिल्में दी हैं. वो साउथ इंडिया के सिनेमा और राजनीति में बहुत साफ्ट और शिष्ट चेहरा हैं. जो दूसरे नेताओं से डिफरेंट हैं. किसी को अपशब्द नहीं बोलते. किसी के ऊपर आरोपों की बौछार नहीं करते बल्कि अपनी एक अलग रेखा खींचते हैं. उनकी प्रेम कहानी कोई 30 साल पहले शुरू हुई थी.
कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी
विजय की प्रेम कहानी एक प्रशंसक के साथ मुलाकात और फिर उससे बनने लगे रोमांटिक रिश्ते से शुरू हुई. ये कहानी साल 1996 की है. उस समय विजय एक उभरते हुए सितारे थे. उनकी फिल्म ‘पूवे उनक्कागा’ सुपरहिट हुई थी.
90 के दशक की विजय और उनकी पत्नी संगीता की तस्वीर (फाइल फोटो)
विजय चेन्नई के फिल्म सिटी में सुपरहिट फिल्म के बाद अगली फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. इसी दौरान लंदन में रहने वाली एक श्रीलंकाई तमिल युवती संगीता सोर्लिंगम उनसे मिलने के लिए सेट पर पहुंचीं. संगीता विजय के काम की बहुत बड़ी प्रशंसक थीं. विशेष रूप से उनसे मिलने के लिए लंदन से भारत आई थीं.
जब संगीता ने विजय को अपना परिचय दिया. उनके काम की तारीफ की, तो विजय उनकी सादगी और समर्पण से काफी प्रभावित हुए. विजय ने उन्हें अपने घर आने और अपने माता-पिता से मिलने का न्योता दिया.
रोमांस और फिर शादी
विजय के माता-पिता एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर, संगीता से मिलकर बहुत खुश हुए. उन्हें संगीता का व्यवहार और शिष्टाचार पसंद आया. हालांकि संगीता एक बड़े उद्योगपति की बेटी थीं, लेकिन सरल और सादगी वाला जीवन जीती थीं. फिर विजय और संगीता में मुलाकातें होने लगीं. दोनों रोमांस करने लगे. प्यार के रास्ते पर बढ़ चले.
फिर हुआ ये कि विजय ने अपने घर में पेरेंट्स से जाहिर किया कि ये लड़की उन्हें पसंद है. संगीता का उनके घर आना जाना भी अब कॉमन हो चला था. एक दिन विजय के पिता ने ही संगीता के सामने विजय से शादी का प्रस्ताव रखा. संगीता ने तुरंत हां कह दी.
शादी के बाद तमिलनाडु के सुपर स्टार विजय और पत्नी संगीता (फाइल फोटो)
यह एक ऐसी प्रेम कहानी थी जिसमें कोई भागकर शादी करने जैसा ड्रामा नहीं था, बल्कि यह दो परिवारों की सहमति और सम्मान पर आधारित थी. विजय और संगीता दोनों ने कोशिश की कि आपसी प्यार की गाड़ी को आगे बढ़ाने के बाद इसमें दोनों परिवारों की सहमति भी लें
25 अगस्त 1999 को विजय और संगीता ने शादी कर ली. विजय ईसाई हैं और संगीता हिंदू. उनकी शादी दोनों रीति-रिवाजों से हुई. उनके दो बच्चे हैं – बेटा संजय और बेटी दिव्या. दशकों तक संगीता को विजय की सबसे बड़ी ताकत माना जाता रहा, जो पर्दे के पीछे रहकर उनके करियर और घर को संभालती थीं.
विजय की रोमांटिक हीरो की इमेज
वैसे आपको ये बता दें कि विजय का क्रेज केवल उनकी फिल्मों तक सीमित नहीं है बल्कि महिला प्रशंसकों के बीच उनकी गजब की दीवानगी है. विजय की इमेज बॉय नेक्स्ट डोर की है. उन्होंने शुरुआती फिल्मों में ऐसे प्रेमी की भूमिका निभाई जो शर्मीला, वफादार और बलिदान देने वाला होता है.
इस छवि ने उन्हें कॉलेज जाने वाली लड़कियों का क्रश बना दिया. वाकई कॉलेज जाने वाली लड़कियां उन पर मरती थीं. कहा जा सकता है कि तमिलनाडु की बहुत सी महिलाएं जो 90 के दशक में कॉलेज गर्ल थीं और अब शादी करके मां की भूमिका आ चुकी हैं या वर्कप्लेसेज में काम कर रही हैं, वो अब भी उन्हें लाइक करती हैं. इसी वजह से महिलाओं और लड़कियों के बीच शिष्ट और जेंटल इमेज वाले विजय का बड़ा जनाधार है. ऑफ-स्क्रीन विजय बहुत कम बोलते हैं. हमेशा सादगी से रहते हैं. उनकी यह ‘इंट्रोवर्ट’ पर्सनालिटी महिलाओं को बहुत आकर्षित करती है.
विजय के रोमांस की अटकलें को-स्टार कीर्ति सुरेश के साथ भी हुईं. लेकिन इसमें कोई दम नहीं था. (फाइल फोटो)
विजय के सिग्नेचर डांस मूव्स और उनके चलने का अंदाज युवाओं, खासकर लड़कियों के बीच बेहद लोकप्रिय है. लंबे समय तक विजय की छवि एक ‘आदर्श पति’ की रही, जिससे उनकी फीमेल फैन बेस और भी मजबूत हुई.
पत्नी से अलगाव की अटकलें लगने लगीं
हालांकि पिछले दो-तीन वर्षों से विजय की शादीशुदा जिंदगी को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर कई तरह के विवाद और अटकलें लगाई जाने लगी थीं. विवाद तब शुरू हुआ जब विजय की पत्नी संगीता कई महत्वपूर्ण पारिवारिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई नहीं दीं. विजय के बेटे की फिल्म से जुड़ी स्क्रीनिंग हो या डायरेक्टर एटली की पत्नी की गोद भराई का फंक्शन – विजय हर जगह अकेले नजर आए. यहां तक कि विजय की अपनी फिल्मों के ऑडियो लांच पर भी संगीता की अनुपस्थिति ने लोगों को चौंका दिया.
थालापति विजय और साउथ इंडिया की एक्ट्रैस तृषा कृष्णन के बीच रिलेशन की अटकलें पिछले कुछ सालों से लगातार फैलती रही थीं.
असली बम चुनावों के दौरान ही फूटा. चुनाव के दौरान ही संगीता ने तमिलनाडु की चेंगलपट्टू अदालत में तलाक की याचिका दायर की. खबर चौंकाने वाली थी. पत्नी संगीता ने याचिका में “विवाहेत्तर संबंध” का आरोप लगाया है, जिसके चलते उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है. संगीता की याचिका के अनुसार विजय का कथित तौर पर अप्रैल 2021 से एक अभिनेत्री के साथ अवैध संबंध चल रहा है, जिससे उन्हें भावनात्मक आघात और मानसिक पीड़ा हुई है.।
कोर्ट में अभी अर्जी दाखिल हुई है. अभी इसकी प्रक्रिया शुरुआती चरण में है; अदालत ने अभी तक औपचारिक तौर पर तलाक का आदेश नहीं दिया है. संगीता अब लंदन में ही रहती हैं.
कीर्ति सुरेश के साथ नाम जुड़ना
विजय का नाम उनकी दो कोस्टार हीरोइन के साथ जोड़ा गया. एक हैं कीर्ति सुरेश. विजय ने कीर्ति के साथ ‘भैरवा’ और ‘सरकार’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया तो गॉसिप गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ रही हैं. यहां तक दावा किया गया कि विजय और संगीता के बीच अनबन की मुख्य वजह यही है. वैसे न तो विजय और न ही कीर्ति ने कभी इन बातों को तवज्जो दी. लेकिन असल में उनके रिश्ते तृषा कृष्णन नाम की अभिनेत्री से ज्यादा सीरियस बताए गए.
विजय ने जब वर्ष 2024 में अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ यानि TVK की घोषणा की तो राजनीतिक विरोधियों ने तंज कसा कि विजय की पार्टी टीवीके में टी का मतलब तृषा और के का मतलब कीर्ति सुरेश है. ये बात सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय और कीर्ति के बीच कोई रोमांटिक रिश्ता तो नहीं है लेकिन तृषा के साथ विजय की दोस्ती जरूर गंभीर है.
ये कहा जाता है कि विजय और तृषा के बीच रिश्ते गंभीर हैं. इस बात की पुष्टि तब और हो गई जबकि चुनावों के बीच उनकी संगीता ने तलाक के अर्जी दाखिल की
तृषा के साथ रिश्ते
जय और तृषा कृष्णन की जोड़ी सुपरहिट फिल्म घिल्ली और थिरुपाची के बाद से ही काफी पसंद की जाती रही है. लियो में उनकी वापसी ने चर्चाओं को और हवा दे दी.
विजय और तृषा ने पहली बार 2004 की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म ‘घिल्ली’ में साथ काम किया था. यह फ़िल्म न सिर्फ़ एक बड़ी कमर्शियल हिट साबित हुई, बल्कि दोनों के करियर का एक अहम मोड़ भी बनी. उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने उन्हें तमिल सिनेमा की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में एक बना दिया. उस हिट फ़िल्म के बाद, विजय और तृषा ने कई और फ़िल्मों में साथ काम किया. वैसे बीच में एक समय ऐसा भी आया जबकि दोनों कलाकारों ने कई सालों तक काम नहीं किया. तब उनके बारे में होने वाली अटकलें ठंडी पड़ गईं. मार्च 2022 में, सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाज़ार फिर से गर्म हो गया. जब दोनों को न्यूयॉर्क और फिर मेक्सिको में साथ देखे जाने की बातें कहीं गईं.
अक्टूबर 2022 में, तृषा को एक अंगूठी पहने हुए देखा गया, जो काफ़ी हद तक सगाई की अंगूठी जैसी लग रही थी. इस बात ने ऑनलाइन चर्चा को और भी ज़्यादा हवा दे दी. हालांकि उस अंगूठी के पीछे का क्या मतलब था, इस बारे में कभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई.
14 साल के लंबे अंतराल के बाद, इस जोड़ी ने 2023 में फ़िल्म ‘लियो’ के ज़रिए फिर बड़े पर्दे पर साथ काम किया. उसी साल तृषा ने विजय के साथ जन्मदिन की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे दोनों एक लिफ़्ट में मुस्कुराते हुए नज़र आ रहे थे. और बस यहीं से दोनों के गहरे रिश्तों की अफवाहें जोरशोर से फैलने लगीं.
जहां एक तरफ विजय की पत्नी ने कोर्ट में दरख्वास्त दी तो दूसरी ओर विजय और तृषा का एक साथ प्राइवेट जेट में यात्रा कर रहे थे. फिर एक शादी समारोह में भी दोनों साथ नजर आए.
हालांकि इन सब बातों का तमिलनाडु के वोटर्स पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. वैसेस तमिलनाडु की राजनीति में पहले भी देखा गया है कि नेताओं के निजी जीवन को वोटर बहुत तवज्जो नहीं देते.







