रेलवे स्टेशन पर पर्स चोरी करते पकड़ा गया शख्स, महिला ने जमकर की पिटाई; VIDEO वायरल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रेलवे स्टेशन पर कुछ लोगों ने एक शख्स की पिटाई कर दी। पिटाई कर रहे लोगों में एक महिला भी शामिल थी। घटना का वीडियो रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि लोगों ने चोरी की शंका के चलते उसकी पिटाई की। आरोप है कि शख्स महिला का पर्स चोरी करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पकड़ा गया। इसके बाद महिला ने उसकी पिटाई शुरू कर दी और फिर वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी उसकी पिटाई की। फिलहाल रेलवे पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पर्स चोरी करने की कोशिश

दरअसल, मंदसौर जिले के दलोदा रेलवे स्टेशन पर आज शाम चोरी की कोशिश करने वाले बदमाश की पिटाई कर दी गई। जानकारी के अनुसार शामगढ़ निवासी कपिल मीणा अपनी बहन कविता के साथ गुजरात के वापी जाने के लिए दलोदा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें दलोदा से डेमो ट्रेन से रतलाम जाना था, जहां से वे गुजरात के लिए रवाना होते। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने कविता के पर्स पर हाथ साफ करने का प्रयास किया। महिला को जैसे ही पर्स चोरी करने की कोशिश का पता चला, उसने युवक को पकड़ लिया और थप्पड़ों की बरसात शुरू कर दी। महिला के भाई कपिल ने भी युवक के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला और एक पुरुष मिलकर बदमाश की पिटाई कर रहे हैं। 

घटना का वीडियो आया सामने

प्लेटफार्म पर हंगामा होने पर आसपास मौजूद यात्री भी मौके पर जमा हो गए। GRP ने आरोपी को हिरासत में लिया। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान जावरा निवासी ललित पिता दीपक धोबी के रूप में हुई है। रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने युवक की बुरी तरह से पिटाई की और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। जिसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। पुलिस अब आरोपी और फरियादी पक्ष को लेकर नीमच जीआरपी थाने के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि फरियादी पक्ष की शिकायत के आधार पर नीमच जीआरपी थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा। (इनपुट- अशोक परमार)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर लाखों की चोरी, CCTV में दिखे चोर





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें