नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर सुरक्षा जांच के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सतर्क CISF जवानों ने प्री-एम्बार्केशन सिक्योरिटी चेक के दौरान एक यात्री के हैंड बैगेज में छिपाकर रखी गई बंदर की खोपड़ी बरामद की। इससे एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
हैंड बैग के अंदर छिपाकर रखी थी बंदर की खोपड़ी
जानकारी के मुताबिक, यात्री को दिल्ली से हैदराबाद की फ्लाइट से यात्रा करनी थी। एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान CISF कर्मियों को यात्री के हैंड बैगेज में एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। बैग की गहन जांच करने पर उसके अंदर छिपाकर रखी गई खोपड़ी बरामद हुई। इसके साथ एक लकड़ी का अजीबोगरीब डंडा भी है, जिसमें चांदी से डिजाइन बनी हुई है।
वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई
पूछताछ के दौरान यात्री ने CISF कर्मियों को बताया कि बरामद खोपड़ी बंदर की है। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नियमों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस को सौंपा गया मामला
CISF ने यात्री को मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, वन्यजीव से संबंधित वस्तु होने के कारण मामले में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खड़े हो रहे कई तरह के सवाल
एयरपोर्ट पर इस बरामदगी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। मामले की जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यात्री के पास बंदर की खोपड़ी कहां से आई और उसे विमान में ले जाने का उसका उद्देश्य क्या था।
ये खबर अपडेट हो रही है…








