राजस्थान के उदयपुर में 70 साल की एक महिला और उसकी बेटी की उन्हीं के घर में घुसकर कथित रूप से हत्या कर दी गई। परिजन इसको लेकर खूब आक्रोशित हैं। परिजनों ने आरोपियों के अरेस्ट होने तक शव लेने और अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। जानें ये पूरा मामला क्या है।
खून से लथपथ हालत में मिल मां-बेटी के शव
पुलिस ने बताया कि ये वारदात बीते शुक्रवार की देर रात वल्लभनगर थाना इलाके के मुंडोल गांव में हुई। पुलिस को आशंका है कि इस क्राइम का मकसद लूटपाट था। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 70 साल की लूंगा और उनकी 47 साल की बेटी अमरीबाई गाडरी के तौर पर हुई है। दोनों मां-बेटी के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में बरामद हुए।
धारदार हथियार से गर्दन पर किए गए वार
वल्लभनगर थाने के प्रभारी पूनाराम गुर्जर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात बदमाश ने लूटपाट की नीयत से घर में घुसपैठ की और दोनों महिलाओं को मार डाला। दोनों महिलाओं की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं।
घर में दोनों के महिलाओं के अलावा कोई नहीं था
पूनाराम गुर्जर ने बताया कि मौके से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम और श्वान दस्ते की मदद ली गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं घर में अकेली रहती थीं। अमरीबाई के पति का करीब 7 साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद, अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहकर वह उनकी देखभाल करती थीं।
मुर्दाघर के बाहर बन गई तनावपूर्ण स्थिति
ये परिवार खेती-बाड़ी करके अपना गुजारा करता था। परिजनों का आरोप है कि मृतक महिलाओं की बॉडी से उनके पहने हुए सोने-चांदी के आभूषण, घर में रखा कैश और अन्य कीमती सामान गायब हैं। इस बीच, वल्लभनगर हॉस्पिटल के मुर्दाघर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक महिलाओं के परिजन जमा हो गए।
परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से किया इनकार
परिजनों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए बॉडी लेने से इनकार कर दिया। परिजन कह रहे हैं कि जब तक पुलिस मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को अरेस्ट नहीं करती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर उन्हें अरेस्ट करने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है। इससे पहले हाल ही में झुंझुनू में बेटे ने मां की हत्या कर दी थी और इसके बाद खुद फोन करके इसके बारे में बहन-बहनोई को बताया था।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें- मवेशी चराने गए छात्र की पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या, जंगल में बोरे से ढका मिला शव








