मुंबई के GSB सेवा मंडल ने कराया 703.27 करोड़ रुपये का बीमा, 66 KG सोना और 335 KG चांदी से सजेंगे महागणपति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


गणेशोत्सव को लेकर मुंबई में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के बहुचर्चित GSB सेवा मंडल ने इस साल अपने गणेशोत्सव के लिए 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कवर लिया है। मंडल के मुताबिक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंडल की जिम्मेदारियों को देखते हुए यह बीमा कराया गया है।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

GSB सेवा मंडल के अनुसार, इस साल गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंडल का कहना है कि भक्तों की सुरक्षा और उनकी सुविधाओं को सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कवर लिया गया है।

डिजिटल हुआ गणेशोत्सव

मंडल ने इस बार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी कदम उठाया है। पारंपरिक और प्रिंटेड रसीदों को खत्म कर पूरी प्रक्रिया को डिजिटल किया गया है। इससे कागज की बर्बादी कम करने और पर्यावरण के अनुकूल गणेशोत्सव मनाने का प्रयास किया गया है। मंडल का कहना है कि उसके महागणपति की प्रतिमा भी पर्यावरण के अनुकूल है। इस बार गणेशोत्सव में ‘गो ग्रीन’ (पर्यावरण-अनुकूल) की थीम को अपनाया जा रहा है।

रोजाना हजारों श्रद्धालु लेंगे अन्नदान का प्रसाद

GSB सेवा मंडल में महागणपति के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंडल के मुताबिक, औसतन 1 लाख से अधिक पूजा और सेवाएं श्रद्धालुओं और सेवेदारों की ओर से अर्पित की जाती हैं। यहां पूजा, अर्चना, सेवा, अन्नदान, तुलाभार और गणहोम जैसे धार्मिक अनुष्ठान वैदिक परंपराओं और शास्त्रों में वर्णित विधियों के अनुसार किए जाते हैं।

रोजाना 40 हजार से अधिक लोग ग्रहण करते हैं प्रसाद

मंडल की अन्नदान सेवा भी खास आकर्षण रहती है। इसके तहत प्रतिदिन 40 हजार से अधिक लोग प्रसाद भोजन ग्रहण करते हैं, जबकि 5 दिनों के दौरान करीब 2 लाख से अधिक श्रद्धालु इस सेवा का लाभ उठाते हैं। प्रसाद भोजन केले के पत्ते पर परोसा जाता है।

66 किलो से ज्यादा सोने के आभूषणों से सजते हैं महागणपति

GSB सेवा मंडल के महागणपति की भव्य सजावट भी हर साल चर्चा में रहती है। मंडल के अनुसार, गणपति की प्रतिमा को 66 किलो से अधिक सोने के आभूषणों, 335 किलो से ज्यादा चांदी और अन्य कीमती रत्नों से सजाया जाता है। ये आभूषण और कीमती वस्तुएं आमतौर पर श्रद्धालुओं की ओर से दान की जाती हैं।

भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी, धार्मिक परंपराओं और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी के चलते GSB सेवा मंडल का गणेशोत्सव मुंबई के प्रमुख गणेश आयोजनों में शामिल माना जाता है। इस बार 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कवर भी मंडल की तैयारियों का प्रमुख हिस्सा है।

ये भी पढ़ें: 

चलती ट्रेन में बर्थ पर दीपक जलाकर पूजा करने वाले यात्री पर हुआ एक्शन, मध्य रेलवे ने दी जानकारी





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें