मामा से दुश्मनी, मामी से इश्क! हत्या के इरादे से घर पहुंचा भांजा, पुलिस चेकिंग में हो गया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में महाराजपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक अपनी ही मामी के साथ कथित प्रेम संबंधों के चलते अपने मामा की हत्या करने की साजिश तक पहुंच गया। आरोपी भांजा तमंचा और कारतूस लेकर मामा के घर पहुंच भी गया, लेकिन वारदात को अंजाम देने की हिम्मत नहीं जुटा सका। उसके हाथ कांपने लगे और वह धमकी देकर वहां से निकल गया। बाद में पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान फतेहपुर के बिंदकी निवासी 22 साल के कृष्णा गुप्ता के रूप में हुई है। कृष्णा बुक स्टॉल चलाता है और उसके अपनी मामी के साथ करीब दो साल से कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। इस बात की भनक उसके मामा को लग गई थी। कुछ दिन पहले मामा ने अपनी पत्नी को कृष्णा से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ। कृष्णा और उसके मामा के बीच भी इस बात को लेकर कहासुनी हुई थी।

मामा ने कुल्हाड़ी से काटने की धमकी दी तो भांजे ने रची हत्या की साजिश

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के अनुसार, 14 अगस्त को एक बार फिर आरोपी के मामा और मामी के बीच अवैध संबंधों को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान मामा ने गुस्से में कृष्णा को कुल्हाड़ी से काट डालने की धमकी दी। मामी ने यह बात फोन करके कृष्णा को बता दी। पुलिस के मुताबिक, मामी से मामा की धमकी की जानकारी मिलने के बाद कृष्णा ने अपने मामा की हत्या करने का फैसला कर लिया। इसके लिए उसने गांव में रहने वाले उदय राज सैनी के जरिए रामादेवी चौराहे से एक युवक से 15 हजार रुपये में 315 बोर का तमंचा और कारतूस खरीदे। इसके बाद कृष्णा तमंचा लेकर सरसौल स्थित अपने मामा के घर पहुंच गया। मामा उस समय घर की दूसरी मंजिल पर थे। कृष्णा ने तमंचा निकाला, लेकिन जब वह हत्या करने की स्थिति में पहुंचा तो उसके हाथ कांपने लगे। डर की वजह से वह वारदात को अंजाम नहीं दे सका।

मामी से बोला अब परेशान किया तो जान से मार दूंगा

पुलिस के अनुसार, हत्या करने की हिम्मत ना जुटा पाने के बाद कृष्णा ने अपनी मामी से कहा कि अगर मामा ने उसे परेशान किया तो वह उन्हें जान से मार देगा। मामी ने उसे समझाते हुए वहां से चले जाने को कहा। बताया गया कि मामी ने कृष्णा से कहा कि वह अभी घर से चला जाए और बात को आगे ना बढ़ाए। इसके बाद कृष्णा वहां से निकल गया और कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर घूमने लगा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल भी घर पर छोड़ दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न की जा सके।

बिना नंबर की बाइक और चेहरे पर गमछा देख पुलिस को हुआ शक

इसी दौरान महाराजपुर पुलिस की टीम कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर नवोदय कट के पास चेकिंग कर रही थी। दरोगा राममोहन मिश्र ने बिना नंबर की बाइक पर सवार एक युवक को देखा। युवक ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर भागने लगा। भागने के दौरान कृष्णा ने बाइक को डिवाइडर पर चढ़ा दिया। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। तमंचे के चेंबर में एक कारतूस फंसा हुआ था, जबकि उसकी जेब से दो जिंदा कारतूस मिले।

पुलिस पूछताछ में सामने आई पूरी साजिश

पुलिस ने जब कृष्णा से सख्ती से पूछताछ की तो उसने मामा की हत्या की योजना के बारे में जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ मामा के घर गया था और हत्या के बाद पुलिस से बचने की भी योजना बना चुका था। इसी वजह से उसने अपना मोबाइल घर पर छोड़ दिया था। डीसीपी पूर्वी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ महाराजपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस तमंचा उपलब्ध कराने वाले युवक और उदय राज सैनी की भूमिका की भी जांच कर रही है।

(रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

5 मिनट की देरी पर कस्टमर ने डिलीवरी बॉय से की मारपीट, जबरन घर में ले जाकर भी पीटा; CCTV फुटेज आया सामने

मीट की दुकान में घुस गया 15 फीट लंबा अजगर, नशे में धुत शख्स ने पकड़ा और फिर उससे खेलने लगा, देखें VIDEO





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें