गुजरात में NIA कोर्ट ने 6 पाकिस्तानियों को दी 8 साल जेल की सजा, किस मामले में दोषी पाए गए पड़ोसी देश के लोग?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


गुजरात में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA की स्पेशल कोर्ट ने पाकिस्तान के 6 नागरिकों को 8 साल के सश्रम कारावास की कड़ी सजा दी है। कोर्ट ने सोमवार को ये फैसला सुनाया है। जानकारी के अनुसार, कोर्ट ने इन पाकिस्तानी नागरिकों के पास से मई 2019 में 330 किलोग्राम ‘ब्राउन हेरोइन’ की जब्ती के मामले में सजा सुनाई है। इसके साथ ही हर दोषी पर 25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है। वहीं, इस पूरे मामले में एक भारतीय नागरिक को बरी कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा मामला मई 2019 का है। गुजरात के कच्छ जिले के जखाऊ तट के पास समुद्र में चलाए गए एक ऑपरेशन के दौरान 330 किलोग्राम ‘ब्राउन हेरोइन’ जब्त की गई थी। जब इंडियान कोस्ट गार्ड के जहाज ने पाकिस्तानी नाव को घेरा तो इस पर सवार लोगों ने मादक पदार्थों के पैकेट समुद्र में फेंक दिए। अब इस मामले में 6 पाकिस्तानी नागरिकों को 8 साल की जेल की सजा मिली है।

पासपोर्ट नियम के तहत भी सजा

NIA की स्पेशल कोर्ट के जज हेमांग रावल ने पाकिस्तानी नागरिकों को पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियम, 1950 के तहत भी पांच साल की कैद की सजा सुनाई। हालांकि, ये दोनों ही सजाएं एक साथ चलेंगी। इसके अलावा कोर्ट ने दोषियों के ऊपर विदेशी नागरिक (फॉरेनर्स) अधिनियम के तहत हर दोषी पर 25,000 रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया है। आपको बता दें कि गुजरात की सरकार ड्रग्स या मादक पदार्थों के खिलाफ एक्शन को लगातार तेज कर रही है। हाल ही में राज्य के भरूच जिले में पुलिस ने 2153 करोड़ रुपये के ड्रग्स को नष्ट किया था। इस दौरान राज्य उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी मौके पर मौजूद थे।

 

इन मामलों में बरी हुए आरोपी

NIA की अदालत ने पाकिस्तानी नागरिकों को सख्त गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) और NDPS के मामले में बरी कर दिया है। अभियोजन पक्ष उनके खिलाफ कोर्ट में अपराध साबित करने में नाकाम रहा। इसके अलावा कोर्ट ने रमजान गनी पलानी नाम के भारतीय नागरिक को भी सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। जानकारी के अनुसार, इसे समुद्र के बीच भारतीय नाव में इस मादक पदार्थ की खेप को रिसीव करना था। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- सूरत में मछुआरों ने नदी में मछली पकड़ने के लिए फेंका था जाल, फंस गया मगरमच्छ का बच्चा, मचा हड़कंप

गुजरात के वडोदरा में भारी बारिश से रिहाइशी इलाकों में भरा पानी, लोगों के घरों में घुसे सांप-नेवले और मछलियां

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें