दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए नॉर्थ जोन टीम के स्क्वॉड का ऐलान हो गया है। सेलेक्टर्स ने 15 सदस्यीय टीम का चयन किया है, जिसकी कप्तानी इस सीजन में कन्हैया वाधवान करेंगे। नॉर्थ जोन की टीम में भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भी जगह मिली है। वहीं दिल्ली के यश धुल को इस टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। ऑलराउंडर आयुष बडोनी भी नॉर्थ जोन की टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे। इस टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन की टीम अपने पहले मैच में वेस्ट जोन का सामना करेगी, जिसकी अगुवाई ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे।
जम्मू कश्मीर के 6 प्लेयर्स को मिली नॉर्थ जोन की टीम में जगह
पिछले सीजन में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम का इस नॉर्थ जोन के स्क्वॉड में दबदबा देखने को मिला है। रणजी जीतने वाली टीम के 6 खिलाड़ियों को दलीप ट्रॉफी के स्क्वॉड में जगह मिली है। कप्तान वाधवान के अलावा, सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल, मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज अब्दुल समद, बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर आबिद मुश्ताक और तेज गेंदबाज सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह भी टीम में शामिल हैं।
पिछले रणजी सीजन में अब्दुल समद ने बनाए थे खूब रन
पिछले रणजी सीजन में अब्दुल समद जम्मू-कश्मीर के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 15 पारियों में 57.53 की शानदार औसत से 748 रन बनाए। वाधवान ने भी बढ़िया प्रदर्शन किया और 13 पारियों में 36.46 की औसत से 474 रन बनाए। वहीं कामरान इकबाल के लिए भी यह सीजन काफी अच्छा रहा, जिसमें उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ फाइनल मैच में नाबाद 160 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें पहली बार दिलीप ट्रॉफी में चुना गया है। इसके अलावा, आबिद मुश्ताक को टीम में स्पिन ऑलराउंडर के रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने इस सीजन में 445 रन बनाने के साथ-साथ 20 विकेट भी हासिल किए थे। वह टीम में निशांत सिंधु के साथ स्पिनर और ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे।
अंशुल कंबोज को भी मिली है टीम में जगह
नॉर्थ जोन की तेज गेंदबाजी की कमान अर्शदीप के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज युद्धवीर और सुनील कुमार के हाथों में होगी। वहीं हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज भी इस पेस अटैक का हिस्सा होंगे। पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज आकिब नबी का नाम इस टीम में नहीं है। दरअसल वह उस वक्त भारतीय टीम के साथ श्रीलंका में होंगे। नॉर्थ जोन का पहला मुकाबला 23 अगस्त को बेंगलुरु में स्थित BCCI के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (CoE) में वेस्ट जोन के खिलाफ होगा।
दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए नॉर्थ जोन का स्क्वॉड: कन्हैया वाधवान (कप्तान, विकेटकीपर), सनत सांगवान, कामरान इकबाल, यश ढुल, आयुष डोसेजा, अब्दुल समद, आयुष बडोनी (उप-कप्तान), निशांत सिंधु, अर्जुन शर्मा, आबिद मुश्ताक, अर्शदीप सिंह, सुनील कुमार, अंशुल कंबोज, युद्धवीर सिंह, निखिल कश्यप
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान की दूसरे टेस्ट में भी हालत खराब, वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स ने फिर खड़ी की मुसीबत
ICC ने अमेरिकी क्रिकेटर पर ठोका 8 साल का बैन, लगे हैं मैच फिक्सिंग से जुड़े 3 बड़े आरोप








