ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ के चाहने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पहले सीजन की जबरदस्त कामयाबी और दर्शकों के शानदार रिस्पॉन्स के बाद मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इसके दूसरे सीजन का ऐलान कर दिया है। चंद्र, सुधा और प्रीति की उलझी हुई जिंदगी, भावनाओं के ताने-बाने और दिल को छू लेने वाले संवादों ने दर्शकों के दिलों पर जो छाप छोड़ी थी, वह कहानी अब एक नए मोड़ के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
अधूरे सवालों के जवाब तलाशने लौटेगा नया सीजन
‘मुसाफिर कैफे’ के पहले पार्ट का अंत दर्शकों को एक ऐसे भावनात्मक मोड़ पर छोड़ गया था, जहाँ कई सवालों के जवाब मिलने बाकी थे। नया सीजन उन्हीं अनसुलझे रिश्तों और रिश्तों की पेचीदगियों को दोबारा टटोलेगा। क्या चंद्र आखिरकार अपने सच्चे प्यार और दिल की पुकार को पहचान पाएगा? क्या समय और हालात सुधा और चंद्र को एक बार फिर आमने-सामने लाकर खड़ा करेंगे? और अपनी जिंदगी में प्यार व हमराही के नए मायने ढूंढ रही प्रीति का सफर किस दिशा में आगे बढ़ेगा? सीजन 2 इन तमाम रिश्तों के उतार-चढ़ाव को एक बेहद संवेदनशील अंदाज में पर्दे पर उकेरने का वादा करता है। बता दें, इससे पहले आए सीजन को दर्शकों के साथ ही क्रिटिक्स का भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, इंडिया टीवी ने इसे 3.5 रेटिंग दी थी।
यहां देखें वीडियो
शो की क्रिएटर शरण्या राजगोपाल ने जाहिर की अपनी खुशी
सीरीज की वापसी पर अपनी उत्सुकता साझा करते हुए शो की राइटर और क्रिएटर शरण्या राजगोपाल ने दर्शकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक कहानीकार के तौर पर आप हमेशा यही उम्मीद करते हैं कि आपकी गढ़ी हुई भूमिकाएं लोगों के दिलों में उतर जाएं। जिस तरह से दर्शकों ने चंद्र, सुधा और प्रीति को अपनाया है और उनके साथ रोए-हंसे हैं, उसने मुझे बेहद भावुक कर दिया है। शरण्या ने आगे कहा, ‘ऐसा लग रहा था कि दर्शक इन किरदारों को अलविदा कहने के लिए तैयार नहीं थे और सच कहूं तो मैं भी इस सफर को यहीं खत्म नहीं करना चाहती थी। मेरे लिए यह कहानी अभी शुरू ही हुई है। मैं नेटफ्लिक्स की बेहद शुक्रगुजार हूँ, जिन्होंने मेरी सोच और इस कहानी की सादगी पर भरोसा जताया और हर कदम पर मेरा साथ दिया। सीजन 2 उन सभी फैंस के लिए हमारा एक प्रेम पत्र होगा जिन्होंने इस शो को इतना प्यार दिया।’
दिव्या प्रकाश दुबे के मशहूर उपन्यास पर आधारित है कहानी
यह वेब सीरीज जाने-माने लेखक दिव्या प्रकाश दुबे के चर्चित उपन्यास के किरदारों पर आधारित है। शरण्या राजगोपाल द्वारा रचित और लिखित इस शो का निर्देशन रुचिर अरुण ने किया है। इसका निर्माण टेरिबली टाइनी टेल्स और होममेड स्टोरीज के बैनर तले किया गया है। अगर स्टारकास्ट की बात करें तो सीरीज में विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। इनके अलावा आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, लवलीन मिश्रा और सादिया सिद्दीकी जैसे मंझे हुए कलाकारों ने भी अपनी अदाकारी से कहानी में जान फूंकी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि दूसरा सीजन दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।









