बॉलीवुड और टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्री करिश्मा तन्ना के घर खुशियों ने दस्तक दी है। पिछले काफी समय से अपनी प्रेग्नेंसी की तस्वीरों और लुक्स को लेकर सुर्खियों में बनी करिश्मा ने अपने पति वरुण बंगेरा के साथ अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। करिश्मा ने एक प्यारे से बेटे को जन्म दिया है। यह खुशखबरी और भी खास तब बन गई जब इस नन्हें मेहमान का आगमन गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हुआ। करिश्मा तन्ना ने सोशल मीडिया पर खास पोस्ट साझा करके ये खुशखबरी फैंस के साथ साझा किया है।
अप्रैल में की थी प्रेग्नेंसी की घोषणा, गुरु पूर्णिमा पर हुआ बेटे का जन्म
करिश्मा तन्ना ने इसी साल अप्रैल महीने में फैंस के साथ अपनी प्रेग्नेंसी की खबर साझा की थी। इसके बाद से ही पूरी प्रेग्नेंसी के दौरान वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहीं। उन्होंने पति वरुण बंगेरा के साथ अपने मैटरनिटी फोटोशूट की कई खूबसूरत तस्वीरें शेयर की थीं। इसके अलावा पैपराजी के कैमरों में कैद उनके प्रेग्नेंसी फैशन लुक्स को भी फैंस ने खूब पसंद किया। 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के शुभ दिन करिश्मा ने बेटे को जन्म दिया। इस खुशखबरी को फैंस के साथ साझा करते हुए करिश्मा और वरुण ने बच्चे के छोटे-छोटे पैरों की एक प्यारी तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा, ‘गुरु पूर्णिमा के पवित्र दिन पर जन्मा… हमारा सबसे बड़ा आशीर्वाद हमारे पास आ गया है। 29 जुलाई 2026, हमारी दुनिया में तुम्हारा स्वागत है, नन्हे राजकुमार। – करिश्मा और वरुण।’
बॉलीवुड और टीवी सितारों ने दी बधाइयों की झड़ी
करिश्मा तन्ना और वरुण बंगेरा द्वारा जैसे ही बेटे के जन्म की घोषणा की गई, सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। मनोरंजन जगत के तमाम दिग्गज कलाकारों और उनके दोस्तों ने इस जोड़े को ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं दीं। सोनू सूद, रकुल प्रीत सिंह, खुशी कपूर, जैस्मिन भसीन, वामिका गब्बी, भारती सिंह, अंकिता लोखंडे, अनिता हसनंदानी, ऋचा चड्ढा, नेहा धूपिया, निमरत कौर और राज कुंद्रा जैसे कई सितारों ने करिश्मा के पोस्ट पर प्यारे कमेंट्स किए। टीवी क्वीन एकता कपूर ने मजाकिया अंदाज में बधाई देते हुए लिखा, “मम्मी की गैंग में तुम्हारा स्वागत है,” वहीं ऋचा चड्ढा ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कपल को शुभकामनाएं दीं। बता दें, 6 अप्रैल को एक्ट्रेस ने प्रेग्नेंसी की जानकारी साझा की।
मनीष मल्होत्रा की पार्टी से शुरू हुई थी करिश्मा और वरुण की लव स्टोरी
करिश्मा तन्ना और वरुण बंगेरा की प्रेम कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात न्यू ईयर इव की एक पार्टी में हुई थी, जहां मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने दोनों को एक-दूसरे से मिलवाया था। करिश्मा इस पार्टी में मनीष के साथ ही गई थीं। पहली मुलाकात में हुई एक सामान्य सी बातचीत जल्द ही एक पक्की दोस्ती में बदल गई और फिर धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ने लगा। करिश्मा ने एक साक्षात्कार में अपनी लव स्टोरी का जिक्र करते हुए बताया था, ‘बहुत कम लोग जानते हैं कि हमें मनीष मल्होत्रा ने मिलवाया था। मनीष के साथ पार्टी में जाने के बाद मेरी मुलाकात वरुण से हुई थी। हमने बात करना शुरू किया और जल्द ही दोस्त बन गए।’
दोस्ती से शादी तक का खूबसूरत सफर
समय के साथ करिश्मा और वरुण का रिश्ता और भी मजबूत होता गया। करिश्मा ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि एक-दूसरे को समझने के साथ ही उनके बीच प्यार बढ़ता गया। करिश्मा ने मजाकिया लहजे में यह भी साझा किया था कि वरुण चाहते हैं कि वह अपने धैर्य पर थोड़ा काम करें, जबकि करिश्मा चाहती थीं कि वरुण सुबह जल्दी उठकर उनके साथ जिम जाएं। कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, करिश्मा और वरुण ने फरवरी 2022 में शादी करने का फैसला किया। उन्होंने एक निजी और खूबसूरत समारोह में अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए थे। अब शादी के चार साल बाद बेटे के आगमन से इस कपल की जिंदगी में खुशियां दोगुनी हो गई हैं।
ये भी पढ़ें: अब कहां हैं सीजेन खान? श्वेता तिवारी से अफेयर को लेकर चर्चा में आए, कभी नेशनल क्रश रहे हैंडसम हंक अचानक हुए गुमनाम









