मुंबई के विलेपार्ले इलाके में मंगलवार देर रात एक रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर मौके पर दमकल की एक दर्जन गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की। फायर ब्रिगेड की टीम ने 11वीं मंजिल के फ्लैट में फंसे 6 लोगों को रेस्क्यू किया, जिनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए नानावती अस्पताल भेजा गया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। आग की वजह से ढाई साल का एक बच्चा और 23 साल की एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दमकल ने बचाए 5 लोग, लेकिन 2 की सांसें थम गईं
घटना विलेपार्ले पश्चिम में स्थित शांता भवन बिल्डिंग, चर्च रोड स्थित सेंट जेवियर स्कूल के पास रात करीब 10 बजे हुई। नानावटी अस्पताल की CMO डॉ. मुग्धा के मुताबिक, 6 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली थी। इनमें से 2 को अस्पताल लाने पर मृत घोषित किया गया। मृतकों की पहचान ढाई साल के अबीर और 23 साल की अंकिता के रूप में हुई है। घायलों में पार्थ (32), हीरेन (64), यशस्वी और अभिषेक शामिल हैं। इन सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
- 1. अबीर – 2.5 साल, अस्पताल लाने पर मृत घोषित।
- 2. अंकिता – 23 साल, अस्पताल लाने पर मृत घोषित।
- 3. पार्थ – 32 साल, हालत स्थिर।
- 4. हिरेन – 64 साल, हालत स्थिर।
- 5. यशस्वी – हालत स्थिर।
- 6. अभिषेक – हालत स्थिर।
शुरुआत में मामूली बताई गई आग, फिर कैसे हुई तबाही?
मुंबई फायर ब्रिगेड ने रात 10 बजे आग को लेवल-1 यानी मामूली आग बताया। लेकिन रात 10:16 बजे इसे लेवल-2 यानी मध्यम स्तर की आग कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड, पुलिस, इलाके में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनी, एंबुलेंस सेवा और बीएमसी वार्ड का स्टाफ मौके पर पहुंचा। देर रात तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा।
गुब्बारे लिए लिफ्ट में घुसा शख्स, अचानक धमाके के बाद लगी आग
वहीं, आपको बता दें कि 4 फरवरी को मुंबई के गोरेगांव से डरा देने वाला वीडियो सामने आया था। यहां एक बिल्डिंग की लिफ्ट में गुब्बारों में ब्लास्ट होने से आग लग गई। ये पूरी घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
यह भी पढ़ें-
सहरसा में पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, पूरी तरह जलकर खाक हुआ कोच; यात्रियों में हड़कंप








