What Is Pheromone Maxxing: किसी से मिलने जाना हो तो सबसे पहले आप क्या करते हैं, खासकर जब बात डेट पर जाने की हो? आपमें से ज्यादातर लोगों का जवाब होगा अच्छी तरह से तैयार होते हैं, जिसमें साफ-सुथरे कपड़े, अच्छा परफ्यूम और नहाना तो मुख्य रूप से शामिल होता है. लेकिन अब नई जनरेशन इन चीजों में भरोसा नहीं रखती है. उनका मानना हैं कि शरीर की गंध यानी नेचुरल बॉडी सेंट किसी भी महंगे परफ्यूम से ज्यादा आपको अट्रैक्टिव दिखा सकती है. इसलिए वो कि डेट पर जाने से पहले शॉवर भी स्किप कर रहे हैं.
इस ट्रेंड को फेरोमोन-मैक्सिंग (Pheromone Maxxing) कहा जा रहा है, जिसका मतलब बॉडी से निकलने वाले उस केमिकल के हाई लेवल से है, जो आपके नचुरल स्मेल के रूप में पहचानी जाती है. हालांकि यह ट्रेंड जितना दिलचस्प लगता है, लेकिन वैज्ञानिक नजरिए से इसकी सच्चाई थोड़ी अलग है. ऐसे कोई ठोस सबूत नहीं मिलते हैं कि किसी व्यक्ति को आप अपने नेचुरल बॉडी सेंट से अपनी ओर सेक्सुअली अट्रैक्ट कर सकते हैं. हालांकि इससे भी इंकार नहीं किया जा सकता है कि कुछ लोग अपने पार्टनर की बॉडी स्मेल से एडिक्ट होते हैं, हालांकि ऐसा आमतौर पर लंबे समय तक साथ रहने पर होता है.
Pheromone Maxxing ट्रेंड क्यों हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कई इंफ्लुएंसर्स दावा कर रहे हैं कि शरीर की प्राकृतिक खुशबू व्यक्ति की पहचान और आकर्षण का हिस्सा होती है. ऐसे में यंग जनरेशन परफ्यूम छोड़कर अपनी नेचुरल बॉडी सेंट को अपनाने की कोशिश कर रहे हैं. उनका मानना है कि इससे रिश्तों में “ऑथेंटिसिटी” यानी वास्तविकता बनी रहती है.
क्या बिना नहाएं डेट पर जाना फायदेमंद?
फेरोमोन्स ऐसे रासायनिक संकेत (Chemical Signals) होते हैं जो शरीर से निकलते हैं और दूसरे लोगों के व्यवहार या प्रतिक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं जानवरों में इनकी भूमिका अच्छी तरह साबित हो चुकी है, लेकिन इंसानों में फेरोमोन्स सीधे किसी को रोमांटिक रूप से आकर्षित कर सकते हैं, इसका दावा नहीं किया जा सकता. ऐसे में अगर आप कई दिनों तक शॉवर को स्किप करके डेट पर जाते हैं, तो हो सकता है वो गंध से असहज हो जाए. क्योंकि आपकी बॉडी की स्मेल आपके हेल्थ कंडीशन, हाइजीन, डाइट पर निर्भर करती है.
बॉडी की नेचुरल स्मेल को कैसे अट्रैक्टिव बनाएं?
शरीर की प्राकृतिक खुशबू को बेहतर बनाने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, खट्टे फल, खीरा, सेब, दही, ग्रीन टी और पर्याप्त पानी फायदेमंद माने जाते हैं. वहीं लहसुन, प्याज, शराब और बहुत मसालेदार भोजन कुछ लोगों में शरीर की गंध को तेज कर सकते हैं. इसके अलावा हाइजीन का ध्यान रखें, साफ कपड़े पहनें, नियमित व्यायाम करें, तनाव कम रखें.









