बाढ़ के पानी में बह गया पिकअप, बीच में फंसे रहे ड्राइवर और हेल्पर; 3 घंटे तक रेस्क्यू के बाद बचाई गई जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


ओडिशा के मयूरभंज जिले में बाढ़ के पानी के बीच पुल पार करने की कोशिश एक पिकअप ड्राइवर और हेल्पर के लिए भारी पड़ गई। यहां रसगोविंदपुर ब्लॉक के सन्नई पुल पर एक पिकअप बाढ़ के तेज पानी में बह गई और पुल से नीचे गिर गई। हादसे के बाद ड्राइवर और हेल्पर पानी में फंस गए। जानकारी के मुताबिक, सन्नई पुल के ऊपर तीन फीट से ज्यादा बाढ़ का पानी बह रहा है। पानी का स्तर और बहाव अधिक होने के कारण पुल पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

पानी में बह गई पिकअप

बताया जा रहा है कि आमन्या इलाके का एक पिकअप ड्राइवर रसगोविंदपुर से अमरदा की ओर जा रहा था। रास्ते में सन्नई पुल पर बाढ़ का पानी बह रहा था। इसके बावजूद ड्राइवर ने पिकअप को पुल से पार कराने की कोशिश की। पानी का तेज बहाव होने के कारण पिकअप अपना संतुलन खो बैठी और बहते हुए पुल से नीचे गिर गई। देखते ही देखते पिकअप पानी में पूरी तरह डूब गई। हादसे के बाद ड्राइवर और हेल्पर किसी तरह वाहन से बाहर निकल आए और बाढ़ के पानी में फंस गए। दोनों पानी के बीच तैरते हुए मदद का इंतजार कर रहे थे।

तीन घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान

घटना की जानकारी मिलने के बाद रासगोविंदपुर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तेज पानी और मुश्किल हालात के कारण बचाव अभियान आसान नहीं था। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे तक कोशिश करने के बाद नाव की मदद से ड्राइवर और हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को बचाए जाने के बाद राहत की सांस ली गई। वहीं सन्नई पुल पर तीन फीट से ज्यादा पानी बहने के कारण प्रशासन ने यातायात पूरी तरह रोक दिया है। इसके बावजूद पिकअप चालक द्वारा पुल पार करने की कोशिश की गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ। फिलहाल पुल पर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और आवाजाही बंद है। 

सरसकना में बहा ऑटो-रिक्शा

इससे पहले भी मयूरभंज के ही सरसकना इलाके में एक ऑटो-रिक्शा बहने का मामला सामने आया था। ये हादसा सरसकना को झारखंड से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर हुआ। इस मार्ग पर भी बाढ़ की वजह से पानी के तेज बहाव में बैटरी ऑटो-रिक्शा बह गया। ऑटो में ड्राइवर समेत चार यात्री भी सवार थे। हालांकि किसी तरह से स्थानीय लोगों ने सभी को बचाया और फिर बाद में ऑटो-रिक्शा को भी बाहर निकाला गया। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें- 

बारां में कूलर में उतरा करंट, तीन सगी बहनों की हुई दर्दनाक मौत





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें