नई दिल्लीः देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले पर कहा कि भारत ने अपनी सौर ऊर्जा क्षमता को 2014 के दो गीगावाट से बढ़ाकर अब 160 गीगावाट कर लिया है, और देश ने 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, ”एक नई दुनिया बनाना कठिन है। यही वजह है कि चाहे वह चिप हो, एआई हो या डेटा सेंटर, हमें बड़ी मात्रा में बिजली की आवश्यकता है।
पीएम मोदी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने भी देश के लोगों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर कहा, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। हम उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को कृतज्ञता के साथ याद करते हैं, जिनके साहस, त्याग और अटूट संकल्प ने औपनिवेशिक शासन के अंत को सुनिश्चित किया। उनके सपने हमें ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में मिलकर काम करने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। 140 करोड़ भारतीयों की शक्ति से हमारा देश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की नई ऊंचाइयाँ छू रहा है। आने वाले समय में यह यात्रा और भी तेज़ गति से आगे बढ़ती रहे।








