बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर राजनेताओं और प्रतिष्ठित लोगों को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मुजफ्फरपुर और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने कांटी थाना क्षेत्र से मुख्य आरोपी कन्हाई सहनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
मंत्री पुत्र सहित कई नेताओं से मांगी थी रंगदारी
हाल ही में ब्रह्मपुरा, साहेबगंज और सदर थाना सहित कई मामलों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगी गई थी। इससे पहले भाजपा नेता रंजीत सहनी से 50 लाख, राजेश कुमार साहनी से 1 करोड़, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के पुत्र से 50 लाख और 25 जुलाई को पूर्व विधायक डॉ। संजीव कुमार से 1 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला भी सामने आया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित एक होटल में मिले मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर 4 जुलाई 2026 को व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से लोगों को धमकी भरे कॉल किए और रंगदारी मांगी।
यूपी के होटल से शुरू किया था रंगदारी का खेल
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि आरोपी कन्हाई सहनी उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित एक होटल में काम करता था। वहीं उसने होटल मालिक के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर ‘लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप’ नाम से प्रोफाइल बनाई। मुजफ्फरपुर लौटने के बाद वह अपने साथियों के साथ मिलकर स्थानीय नेताओं और कारोबारियों को धमकी भरे मैसेज व कॉल करने लगा।
पुलिस कर रही है जांच
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को धर दबोचा गया। पटना पुलिस आरोपी को साथ ले गयी और अभी भी पूछताछ जारी है। पुलिस फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि इस गिरोह में शामिल अन्य सहयोगियों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।
मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:









