बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और अक्षय कुमार स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी समय से उत्सुकता बनी हुई है। सस्पेंस और थ्रिल से भरे टीजर के बाद अब हाल ही में फिल्म के निर्माताओं ने इसका पहला आधिकारिक गाना ‘मेरे हीरो हैं वो’ रिलीज कर दिया है। यह भावुक ट्रैक न केवल सैफ के किरदार की एक नई झलक प्रस्तुत करता है, बल्कि फिल्म के मानवीय और भावनात्मक पहलू को भी खूबसूरती से सामने लाता रहा है। गाने में सैफ अली खान एक दृष्टि बाधित पिता के रोल मे दिख रहे हैं। गाना काफी इमोशनल कर देने वाला है। इंटरनेट पर आते ही ये गाना छा गया है।
अक्षय और सैफ की जोड़ी के बीच गहराता सस्पेंस
फिल्म के मेकरों द्वारा जारी किए गए टीजर ने पहले ही इंटरनेट पर काफी हलचल मचाई हुई है। ‘हैवान’ के इस टीजर में कहानी के मुख्य प्लॉट को काफी रहस्यमयी रखा गया है, जहां अंधेरे दृश्यों और छाया के प्रयोग से एक गहरा सस्पेंस बुना गया है। टीजर में मुख्य सवाल उठाया गया है कि ‘हीरो या हैवान?’ जो दर्शकों के मन में उत्सुकता पैदा करता है। टीजर में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के बीच एक गंभीर टकराव की आहट महसूस होती है। सैफ इसमें एक दृष्टिबाधित व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं जो छड़ी के सहारे चलता है, वहीं अक्षय छिपकर उनकी हर गतिविधि पर नजर बनाए रखते हैं।
मासूमियत और आत्मीयता से भरा संगीत
जहां एक तरफ फिल्म का टीजर एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर का अहसास कराता है, वहीं ‘मेरे हीरो हैं वो’ गाना कहानी में एक खास गर्माहट और शांति लेकर आता है। यह गाना सैफ अली खान के किरदार और बाल कलाकार पहल चौधरी के बीच के गहरे और मासूम रिश्ते पर आधारित है। गाने का ताना-बाना आत्मीयता और स्नेह के इर्द-गिर्द बुना गया है, जो इस रहस्यमयी कहानी के बीच एक भावुक मोड़ पेश करता है।
बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों का मिला साथ
इस दिल को छू लेने वाले गाने को जाने-माने संगीतकार प्रीतम ने स्वरबद्ध किया है, जबकि इसके बोल मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं। इस मधुर ट्रैक को पार्श्व गायक शान और गायिका वनिका नायक ने अपनी आवाज से सजाया है। दिग्गजों की इस जुगलबंदी ने गाने में एक अजीब सी गहराई और भावुकता भर दी है, जिसे सुनकर श्रोता सीधे कहानी के जज्बातों से जुड़ जाते हैं।
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी एक अनोखी थ्रिलर
‘हैवान’ का निर्देशन अनुभवी निर्देशक प्रियदर्शन ने किया है, जो अपनी बहुमुखी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में सैफ अली खान और अक्षय कुमार के अलावा बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर जैसे कई मंजे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले तैयार की गई है, जिसके निर्माता वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन हैं।
सितंबर में सिनेमाघरों में देगी दस्तक
यह फिल्म एक ऐसी दुनिया की डरावनी और रहस्यमयी झलक दिखाती है जहाँ चीजें जैसी दिखती हैं, वैसी होती नहीं हैं। एक तरफ जहां कहानी में काफी सस्पेंस और थ्रिल देखने को मिलेगा, वहीं सैफ और छोटी बच्ची का यह रिश्ता दर्शकों के दिलों को छूने का काम करेगा। यह साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 11 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
ये भी पढ़ें: 10 की उम्र में ही पर्दे पर छा गए थे थलापति विजय, 1984 में ही शुरू हो गया था सुपरस्टार बनने क सफर








