पाकिस्तान का असली चेहरा दुनिया के सामने एक बार फिर से एक्सपोज हो गया है। शहबाज शरीफ की सरकार ने इमरान खान को जेल से हॉस्पिटल में शिफ्ट करने से इनकार कर दिया है। बता दें कि मंगलवार को ही पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने तीन साल से जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 48 घंटे के भीतर प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराने का आदेश दिया था। चीफ जस्टिस की बेंच ने अपने आदेश में साफ-साफ कहा था कि इमरान खान की हालत ठीक नहीं हैं, उन्हें बेहतर इलाज मिले, ये उनका हक है। इसलिए सरकार उन्हें इस्लामाबाद के शिफा हॉस्पिटल में एडमिट करे। लेकिन बुधवार को शहबाज शरीफ की सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से अपने फैसले पर फिर से गौर करने की अपील कर दी है।
अराजकता फैल जाएगी- सरकार की दलील
दरअसल, मंगलवार को पाकिस्तान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में इमरान खान की आधी-अधूरी, फर्जी मेडिकल रिपोर्ट्स पेश की थी। ये साबित करने में पूरी ताकत लगाई थी कि इमरान खान ठीक हैं और उनका इलाज जेल में ही हो सकता है। सरकार ने कहा था कि उन्हें हॉस्पिटल में शिफ्ट करने की जरूरत नहीं हैं। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने शहबाज शरीफ की सरकार का झूठ पकड़ लिया और इमरान खान को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराने का आदेश दिया। हालांकि, बुधवार को आज पाकिस्तान की हुकूमत ने जेल में बंद हजारों कैदियों के हक का मुद्दा उठा दिया। पाकिस्तान के मंत्रियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। किसी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से अराजकता फैल जाएगी और हर कैदी जेल से हॉस्पिटल में शिफ्ट करने की मांग करेगा। किसी ने कहा कि अगर इमरान खान जेल से बाहर आए तो पूरे मुल्क में फिर हंगामा होगा। तहरीके इंसाफ पार्टी के लोग फिर सड़कों पर निकलेंगे। क्या सुप्रीम कोर्ट गारंटी लेगा कि PTI के वर्कर इसे सियासी मुद्दा नहीं बनाएंगे।
इमरान खान से मिली बहन नूरीन नियाजी
शहबाज शरीफ की सरकार ने दूसरी तरफ एक चालाकी भी की और सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर के मुताबिक, इमरान खान के परिवार वालों को जेल में एंट्री दे दी और इमरान खान से 15 मिनट की मुलाकात करवा दी। नौ महीने के बाद बुधवार को इमरान खान की बहन नूरीन नियाजी अडियाला जेल में अपने भाई से मिलीं। इमरान खान की वाइफ बुशरा बेगम भी अडियाला जेल में कैद हैं, उन्हें इमरान खान से अलग दूसरी बैरक में रखा गया है। आज अडियाला जेल के कॉमन हाल में इमरान खान की मुलाकात बुशरा बेगम से भी कराई गई। चूंकि सुप्रीम कोर्ट ने हर हफ्ते परिवार वालों को इमरान खान से मिलने की परमीशन दी थी लेकिन ये शर्त लगाई थी कि परिवार वाले मुलाकात के बाद मीडिया से कोई बात नहीं करेंगे और इमरान खान की सेहत को लेकर कोई बयान नहीं देंगे। इसलिए जेल से बाहर आने के बाद इमरान की बहन चुपचाप वहां से निकल गई। इसके बाद शहबाज शरीफ के मंत्रियों ने कहना शुरू कर दिया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक जो जायज बात थी, वो सरकार ने पूरी कर दी है। सरकार के मंत्रियों ने कहा कि इमरान खान सजायाफ्ता कैदी हैं, उन्हें जेल मैन्युअल के हिसाब से ही ट्रीटमेंट मिलेगा। अगर इमरान खान को प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया तो इससे तमाम कानूनी दिक्कतें पैदा होंगी और सरकार ऐसा बिल्कुल नहीं करेगी।
इमरान के समर्थकों के ख्वाब पूरे नहीं होंगे- अताउल्लाह
पाकिस्तान के इन्फॉर्मेशन मिनिस्टर अताउल्लाह तराड ने कहा कि “सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर पर इमरान खान के सपोर्टर्स को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं हैं, क्योंकि उनके ख्वाब कभी पूरे नहीं होंगे।” वहीं, पाकिस्तान के इंटिरियर मिनिस्टर तलाल चौधरी ने कहा कि “इमरान खान की सेहत को लेकर उनके सपोर्टर इमोशनल इश्यू बना रहे हैं लेकिन पाकिस्तान की आवाम जानती है कि ये कानूनी मसला है। इमरान खान को सरकार ने जेल में नहीं डाला है, अदालत ने उन्हें सजा दी है। इसलिए इमरान खान को स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं दिया जा सकता। इमरान खान की पार्टी ने हंगामा करके देख लिया, सड़के ब्लॉक की, आगजनी की, दंगा किया लेकिन जब सारे दांव बेकार गए तो अब इमोशनल कार्ड खेला जा रहा है। लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं होगा।”
इमरान खान के वकील ने दी चेतावनी
पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की तीनों बहनों और उनके बेटों को इमरान खान से मुलाकात की परमीशन दी थी। लेकिन आज पाकिस्तान की सरकार ने सिर्फ नूरीन नियाजी को जेल में इमरान से मिलने की परमीशन दी। उनकी दो और बहनों अलीमा और उज्मा खान को जेल में एंट्री नहीं दी गई। इससे इमरान खान के सपोर्टर्स में नाराजगी है। इमरान खान के वकील सलमान अकरम राजा ने सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि “सुप्रीम कोर्ट ने 48 घंटे के भीतर इमरान खान को हॉस्पिटल में शिफ्ट करने की मियाद रखी है। इसलिए सरकार चाहे रिव्यू पिटीशन डाले या फैसले का विरोध करे लेकिन जब तक कोर्ट का नया फैसला नहीं आता, तब तक उन्हें मौजूदा आदेश का पालन करना ही होगा।”
शहबाज शरीफ की सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन फाइल की तो इमरान खान की पार्टी के नेता भी मैदान में आ गए। PTI के चेयरमैन ने कहा कि इमरान खान एक हजार दिन से जेल में हैं। सरकार जानती है कि जिस दिन इमरान खान पब्लिक के सामने आ गए उस दिन शहबाज शरीफ की कुर्सी खतरे में पड़ जाएगी। इसीलिए सरकार नहीं चाहती कि इमरान खान को जेल से बाहर लाकर हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जाए।
मौलानाओं ने भी जताई नाराजगी
दूसरी ओर इमरान खान के ट्रीटमेंट के खिलाफ शहबाज सरकार के कोर्ट जाने पर पाकिस्तान के मौलानाओं ने भी नाराजगी जाहिर की है। शिया मौलाना अल्लामा नासिर अब्बास का कहना है कि पहले सरकार कहती थी कि अगर इमरान खान प्राइवेट हॉस्पिटल में अपना इलाज कराना चाहते हैं तो उन्हें कोर्ट में अपील करनी चाहिए। अब सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच ने फैसला दे दिया तो सरकार बहाने बना रही है। ये पाकिस्तान की अवाम बर्दाश्त नहीं करेगी।
विपक्ष ने शहबाज शरीफ को दी नसीहत
पाकिस्तान के विपक्ष के नेता भी इस वक्त इमरान खान के समर्थन में हैं। जमीयत उलेमा ए इस्लाम के मौलाना फजल-उर-रहमान ने शहबाज शरीफ को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि किसी की सेहत के साथ सियासत ठीक नहीं हैं। इस तरह की हरकत से शहबाज शरीफ के खिलाफ आवाम का गुस्सा भड़केगा। फजल-उर-रहमान ने कहा कि अगर शहबाज सरकार कोर्ट का ऑर्डर नहीं मानती है तो सुप्रीम कोर्ट को सरकार के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए।
बिलावल भुट्टो ने भी जारी किया बयान
चौंकाने वाली बात ये है कि शहबाज शरीफ की सरकार में शामिल आसिफ अली जरदारी की पार्टी भी पब्लिक के मूड को समझ रही है। इसीलिए आज पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के प्रेसिडेंट बिलावल भुट्टो ने कहा कि “इमरान खान की सेहत से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। बेहतर होता ये मामला कोर्ट तक न पहुंचता। अगर सरकार पहले ही इमरान खान को हॉस्पिटल में शिफ्ट कर देती तो उन्हें पब्लिक की इतनी सिंपैथी न मिलती जो अब मिल रही है।”
ये भी पढ़ें- पाक पत्रकार ने पूर्व पीएम इमरान खान की मौत का किया दावा, पाकिस्तान सेना ने किया खंडन
इमरान खान के बाद बुशरा बीबी की भी आंख की सर्जरी, जानें अचानक क्यों कम हो गई थी रोशनी







