रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्र स्वतंत्रता दिवस पर निकालेंगे तिरंगा यात्रा, सामने आई पूरे रूट की जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


झारखंड की राजधानी रांची में सरकारी भर्ती की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। दूसरी तरफ झारखंड सरकार अब छात्रों से कोई बात नहीं कर रही है। जानकारी के अनुसार, झारखंड का कोई मंत्री छात्रों के आंदोलन पर एक शब्द बोलने को तैयार नहीं है। इस बीच आंदोलन कर रहे छात्रों ने बड़ा फैसला किया है। JPSC-JSSC में व्याप्त कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत आंदोलनरत छात्रों द्वारा आगामी 15 अगस्त 2026, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

क्या होगा तिरंगा यात्रा का रूट?

तिरंगा यात्रा को लेकर आंदोलनरत छात्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, रांची से आंदोलनरत छात्रों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा कचहरी चौक, सर्कुलर रोड, लालपुर चौक एवं प्लाजा चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगी। वहीं, आंदोलनरत छात्रों द्वारा अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किए जाने की भी जानकारी दी गई। आंदोलनकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा छात्रों और अभ्यर्थियों की मांगों पर अब तक ठोस पहल नहीं किए जाने के कारण लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जा रहा है।

देवेन्द्र नाथ महतो की भूख हड़ताल जारी

JPSC-JSSC आंदोलन के प्रमुख आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो सदर अस्पताल में उपचाररत होने के बावजूद अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के 13वें दिन भी संघर्षरत हैं। स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद उन्होंने छात्रों के अधिकार और न्याय की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखा है। बता दें कि हाल ही में झारखंड के पूर्व CM रघुवर दास ने हॉस्पिटल में देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की थी।

तिरंगा यात्रा को सफल बनाने की अपील

सदर अस्पताल से देवेन्द्र नाथ महतो ने झारखंड के छात्र-युवाओं से अपील करते हुए कहा- “15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित तिरंगा यात्रा में झारखंड के छात्र-युवा अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और इस यात्रा को सफल बनाएं। यह संघर्ष छात्रों के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है। सरकार जब तक हमारी जायज मांगों को नहीं मानती, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्र की आन-बान-शान का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र, न्याय और अधिकारों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। इसलिए छात्र-युवा शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से तिरंगा यात्रा में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें। JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के आंदोलनकारियों ने झारखंड के सभी छात्र-युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर तिरंगा यात्रा को सफल बनाएं।

ये भी पढ़ें- झारखंड एग्जाम गड़बड़ी मामले में CID का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी का करीबी मिथिलेश गिरफ्तार

झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा JPSC परीक्षा विवाद, याचिकाकर्ता ने की CBI जांच की मांग; जानें क्या-क्या हैं डिमांड





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें