वडोदरा के भायली इलाके से रेबीज का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक हेमंत नाम के युवक को कुछ समय पहले आवारा कुत्ते ने काट लिया था। बताया जा रहा है कि युवक ने समय पर इलाज नहीं कराया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसमें रेबीज के लक्षण दिखाई देने लगे। युवक ने खुद को काटना शुरू कर दिया और आसपास मौजूद लोगों पर हमला करने की कोशिश की।
हालात बिगड़ने पर युवक को बांधा
जब हालात बेकाबू हो गए तो लोगों ने तुरंत युवक को बांध दिया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को गोटरी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे संक्रामक रोग अस्पताल में उपचार के लिए ट्रांसफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इस मामले ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
‘मरीज के बचने की उम्मीद बहुत कम’
इस गंभीर केस के बारे में इन्फेक्शन स्पेशलिस्ट डॉ. हितेन करेलिया ने कहा, “रेबीज़ होने के बाद मरीज़ के बचने की उम्मीद बहुत कम होती है। रेबीज़ वायरस 2 से 14 दिनों में असर करता है और सीधे मरीज़ के दिमाग पर हमला करता है। इसलिए कुत्ते के काटते ही बिना समय बर्बाद किए एंटी-रेबीज वायरस इंजेक्शन (वैक्सीन) लगवाना बहुत जरूरी है।”
वैक्सीन लगवाना जरूरी
रेबीज वाले कुत्तों के लक्षणों के बारे में डॉक्टर ने आगे कहा, “अगर कोई कुत्ता एक जगह नहीं बैठता, पानी से डरता है, कुछ खाता-पीता नहीं है और उसके मुंह से लगातार लार टपकती रहती है, तो ऐसे कुत्तों से दूर रहें और अगर वह काट ले, तो तुरंत हॉस्पिटल पहुंचकर वैक्सीन लगवाएं।”
पालनपुर में कुत्ते की तरह दूसरों को काटने लगा युवक
बता दें कि इसी साल जनवरी में गुजरात के पालनपुर से ऐसा ही एक मामला सामने आया था। यहां एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी जिसके बाद वो अचानक कुत्ते की तरह दूसरे लोगों को काटने लगा था। डॉक्टर ने जब जांच की तो पता चला कि पहले उसे एक कुत्ते ने काटा था जिससे युवक में रेबीज से जुड़े गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे।
27 साल के देवाभाई को कुछ समय पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। शुरुआती में सामान्य स्थिति लगने की वजह से मामला गंभीर नहीं समझा गया लेकिन कुछ दिनों बाद युवक में हाइड्रोफोबिया यानी पानी से डर और आक्रामक व्यवहार जैसे खतरनाक लक्षण दिखने लगे।
(रिपोर्ट- सत्यम नेवास्कर)
यह भी पढ़ें-
मुंबई की हाईराइज सोसायटी में पालतू कुत्ते का आतंक, बच्चियों पर किया हमला, CCTV फुटेज वायरल
स्कूल वैन का इंतजार कर रही मासूम पर अचानक टूट पड़ा कुत्तों का झुंड, CCTV में कैद भयानक दृश्य









