भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक कारों का दौर तेजी से बढ़ रहा है और अब कारों में सिर्फ बैटरी और रेंज ही नहीं, बल्कि स्मार्ट टेक्नोलॉजी भी बड़ा आकर्षण बन रही है। इसी दिशा में टाटा मोटर्स अपनी आने वाली Sierra.ev को और हाईटेक बनाने की तैयारी में है। कंपनी ने टाटा कम्युनिकेशन्स के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया है, जिसके तहत Sierra.ev में इन-बिल्ट 5G सेलुलर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस तकनीक के आने के बाद कार सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं रहेगी, बल्कि कई डिजिटल सुविधाओं से लैस एक स्मार्ट कनेक्टेड सिस्टम की तरह काम करेगी।
टाटा कम्युनिकेशन्स और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) ने मंगलवार को इस पार्टनरशिप की घोषणा की। इसके तहत टाटा कम्युनिकेशन्स के MOVE कनेक्टेड वीकल प्लेटफॉर्म को Sierra.ev के Software-Defined Vehicle (SDV) प्लेटफॉर्म NIO के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा। कंपनियों का कहना है कि इस इंटीग्रेशन से कार में बेहतर कनेक्टिविटी और डिजिटल सुविधाओं का एक्सपीरिएंस मिलेगा। इसका उद्देश्य भारत में Software-Defined Vehicles को तेजी से बढ़ावा देना है।
कार के अंदर मिलेंगी ये स्मार्ट सुविधाएं
Sierra.ev में मिलने वाली 5G कनेक्टिविटी कई फीचर्स को बेहतर बनाने में मदद करेगी। कार में सुरक्षित इन-व्हीकल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्री कार के अंदर कंटेंट स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा कार के सॉफ्टवेयर को ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट भी तेजी से मिल सकेंगे। यानी कई सॉफ्टवेयर अपडेट के लिए कार को सर्विस सेंटर ले जाने की जरूरत कम हो सकती है।
रियल-टाइम रिमोट डायग्नोस्टिक्स भी संभव
नई कनेक्टिविटी का एक बड़ा फायदा रियल-टाइम रिमोट व्हीकल डायग्नोस्टिक्स होगा। इसके जरिए वाहन से जुड़ी जरूरी जानकारी को दूर से मॉनिटर करने में मदद मिल सकती है। इससे कार की स्थिति पर नजर रखना और संभावित समस्याओं की पहचान करना आसान हो सकता है।
Software-Defined Vehicle की ओर बड़ा कदम
आज की एडवांस कारों में सॉफ्टवेयर की भूमिका लगातार बढ़ रही है। Software-Defined Vehicle का मतलब ऐसी कार से है जिसमें कई फीचर्स और क्षमताएं सॉफ्टवेयर के जरिए लगातार बेहतर और अपडेट की जा सकें। टाटा कम्युनिकेशन्स के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट विवेक मंगली ने कहा कि जैसे-जैसे वाहन स्मार्ट सिस्टम में बदल रहे हैं, वैसे-वैसे मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी जरूरी होती जा रही है। कंपनी के मुताबिक, यह साझेदारी भविष्य की स्मार्ट और पर्सनलाइज्ड मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








