राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बागोर थाना क्षेत्र में बहुचर्चित साहूकार शोभालाल जैन हत्याकांड मामले में पुलिस को बुधवार सुबह बड़ी सफलता मिली है जहां पुलिस ने हत्याकांड में शामिल फरारी काट रहे मुख्य आरोपी 36 वर्षीय रोशन गुर्जर को मध्य प्रदेश के सागर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी के दोस्त इस हत्या में सहयोग कर्ता नारायण लाल सरगरा को 1 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था।
ब्याज पर पैसे देता था शोभालाल
मुनीम रोशन गुर्जर ने अपने दोस्त नारायण लाल के साथ मिलकर करोड़ों की संपत्ति और 70 लाख रुपये हड़पने की नीयत से सेठ को 26 जुलाई को मौत के घाट उतार दिया था। बागोर थाना प्रभारी बच्छराज चौधरी ने बताया कि थाना क्षेत्र के बावलास गांव से लापता ब्याज पर पैसे देने वाले व्यापारी 78 वर्षीय साहूकार शोभालाल जैन की हत्या 26 जुलाई को बड़ी बेरहमी से की गई थी।
शव को सीमेंट के खंभे से बांधकर कुएं में फेंका
थाना प्रभारी ने बताया कि शोभालाल के ही मुनिम ने धार्मिक यात्रा से वापस लौटने के दौरान सेठ का पहले कार में ही दम घोंटा। फिर मुंह पर टेप चिपकाकर यह सुनिश्चित किया कि वह जिंदा न बच सके। मुनीम और उसके साथी ने शव को सीमेंट के खंभे से बांधकर सुनसान कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए। इस मामले में 1 अगस्त को मुनीम के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया था वहीं, बुधवार सुबह मुख्य आरोपी रोशन गुर्जर को भी मध्य प्रदेश के सागर जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
70 लाख के लालच में भरोसे का कत्ल
सेठ की हत्या से पहले मुख्य आरोपी मुनीम रोशन गुर्जर को जानकारी थी कि साहूकार शोभालाल जैन के पास 70 लाख रुपये हैं। ये पैसे हड़पने के लिए रोशन ने अपने दोस्त नारायण सरगरा को शराब पार्टी देकर राजी किया। आरोपी नारायण के दिमाग में हत्या की योजना चलती रही। 18 जुलाई को शोभालाल अपने मुनीम के साथ सांवलिया सेठ की धार्मिक यात्रा पर गए। वापस आते समय नारायण ने शोभालाल के हाथ पकड़ लिए। वहीं, रोशन ने उनका मुंह दबाकर हत्या कर दी।
MP में पानीपुरी का धंधा करता है आरोपी नारायण लाल
पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार मुनीम के दोस्त आरोपी नारायण लाल सरगरा अड़र्सीपुरा गांव का रहने वाला है। वह मध्य प्रदेश में पानीपुरी का धंधा करता है और रोशन उसका पुराना दोस्त है। रोशन ब्याज पर पैसा देने वाले शोभालाल जैन के यहां मुनीम और चालक का काम भी करता था। रोशन ने इस वारदात में नारायण को शामिल करने के लिए 10 लाख रुपये का लालच दिया था। हत्या कर शव को कुएं में फेंकने के बाद नारायण भी गांव से फरार हो गया था।
वहीं, उदयपुर में मां-बेटी की घर में घुसकर हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले थे।
(रिपोर्ट- सोमदत्त त्रिपाठी)
यह भी पढ़ें-
‘पापा ने कहा- आज कहानी खत्म कर दूंगा’, बैंककर्मी ने 9 साल के बेटे के सामने टीचर पत्नी को मार दी गोली








