छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां सोलापुर-धुले महामार्ग पर तिसगांव के आगे खवड्या डोंगर इलाके में तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यहां एक व्यक्ति आत्महत्या की कोशिश कर रहा था। करीब तीन घंटे तक वह पहाड़ी के किनारे खड़ा रहा और लोग उसे मनाने की कोशिश करते रहे। आखिर में युवक का पिता उसके पास पहुंचता है, लेकिन बेटा खाई में गिर जाता है और हाथ पकड़ने की वजह से पिता भी खाई में गिर गया। इसके थोड़ी ही देर बाद वहां मौजूद युवक की मां भी खाई में कूद गई, जिससे तीनों की मौत हो गई।
तीन घंटे तक किनारे पर रहा युवक
दरअसल, दमकल विभाग को 11 बजकर 33 मिनट पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति खाई में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा है। यह भी बताया गया कि यह घटना सोलापुर-धुले महामार्ग पर तिसगांव के आगे खवड्या डोंगर इलाके की है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पदमपुरा अग्निशमन केंद्र की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हालांकि उसे बताया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि आत्महत्या की कोशिश करने वाले व्यक्ति को बचाने के लिए उसके माता-पिता भी खाई में उतर गए थे। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में तीनों की मौत हो गई है।
बचाने गया पिता भी खाई में गिरा
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल से बनाया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तीन लोगों को पहाड़ी से नीचे की तरफ गिरते हुए देखा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय युवक बार-बार कूदने की धमकी दे रहा था और वह पहाड़ी पर बिल्कुल किनारे खड़ा था। इस दौरान उसके माता-पिता और गांव के अन्य लोग उसे मनाने की कोशिश करते दिखे। आखिर में उसका पिता धीरे-धीरे उसके पास पहुंचा और उसका हाथ पकड़ लिया। हालांकि इसी दौरान युवक नीचे कूद गया, जिसके साथ उसका पिता भी नीचे चला गया। वहीं पर मौजूद युवक की मां ने भी खाई में कूदकर आत्महत्या कर ली। तीनों की नीचे गिरने से मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। (इनपुट- देव राजाले)
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
यह भी पढ़ें-
IPS अविनाश पांडे पर एक बार फिर मारपीट का आरोप, सपा ने उठाई कार्रवाई की मांग; जांच शुरू








