लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस का पहला आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ रिलीज होने के बाद से धूम मचा रहा है। इसे बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने अपने एक्स हैंडल पर भी शेयर किया है।
अमिताभ बच्चन ने इस वीडियो पर क्या कहा?
अमिताभ बच्चन ने यूपी पुलिस के इस वीडियो को अपने एक्स हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा, “कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं…कुछ खाकी पहनकर जमीन पर। खाकी का सितारा”
अमिताभ बच्चन ने ये भी कहा, “खाकी का सितारा सिर्फ एक म्यूजिक वीडियो नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की जिम्मेदारियों और उसके कामकाज के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाने की कोशिश है। एंथम में कानून-व्यवस्था से लेकर महिला सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट, तकनीक, आपदा एवं राहत कार्य, जनसेवा और रोजमर्रा की पुलिसिंग तक खाकी के अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं।”
उन्होंने बताया, “इस एंथम की शूटिंग एक-दो दिन में नहीं, बल्कि महाकुंभ-25 से स्वतंत्रता दिवस- 26 तक अलग-अलग मौकों और परिस्थितियों में की गई। उत्तर प्रदेश पुलिस के इस इन-हाउस क्रिएटिव प्रोडक्शन को तैयार करने में एक वर्ष से अधिक का समय लगा। महाकुंभ की विशाल पुलिस व्यवस्था से लेकर अलग-अलग मौकों पर कानून-व्यवस्था संभालते पुलिसकर्मियों तक, कैमरे ने खाकी की ड्यूटी के कई पहलुओं को रिकॉर्ड किया।”
एंथम का मूल संदेश क्या है?
इस एंथम का मूल संदेश ये है कि त्योहार हो या आपदा, भीड़ का दबाव हो या कानून-व्यवस्था की चुनौती- खाकी हर जगह मौजूद दिखाई देती है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पुलिसकर्मी अपने परिवार और निजी जीवन को पीछे रखकर सबसे पहले ड्यूटी निभाता है।
एंथम में किसकी-किसकी आवाज है?
यूपी पुलिस के इस एंथम में अमिताभ बच्चन की प्रभावशाली आवाज है। इसमें पद्मश्री शंकर महादेवन का स्वर और संगीत है। इसमें जाने-माने कवि एवं गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शब्द हैं।
इस एंथम में अभिनेता करण आनंद ने पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है। गीत की अवधारणा एवं Creative Direction UP Police के PRO राहुल श्रीवास्तव, IPS ने किया है।
खाकी का सितारा 14 अगस्त को हुआ था लॉन्च
‘खाकी का सितारा’ की औपचारिक लॉन्चिंग 14 अगस्त को लोक भवन, लखनऊ में हुई थी। इसकी लॉन्चिंग सीएम योगी आदित्यनाथ ने की थी। इस मौके पर पद्मश्री शंकर महादेवन, पद्मश्री नाना पाटेकर, गीतकार आलोक श्रीवास्तव, अभिनेता करण आनंद सहित फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कई कलाकार मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पुलिसकर्मी भी शामिल हुए।
लॉन्च के दौरान शंकर महादेवन ने एंथम को लेकर क्या कहा?
लॉन्च के दौरान शंकर महादेवन ने एंथम को लेकर कहा कि इससे जुड़ना उनके जीवन के खास पलों में से एक था। उन्होंने इस एंथम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार को समर्पित किया।








