तीन कारों में हो रही थी रेस, तभी SUV ने मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को कुचला, मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार एसयूवी की चपेट में आने से 74 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सिविल लाइंस इलाके में जापानी गार्डन रोड पर सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। पुलिस ने इस मामले में एसयूवी चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कैलाश सोंडिया के रूप में हुई है। वह जापानी गार्डन के पास सुबह की सैर कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

तीन कारों के रेस लगाने की बात सामने आई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय इलाके में तीन कारें तेज रफ्तार से एक-दूसरे से होड़ करते हुए दौड़ रही थीं। इसी दौरान एक एसयूवी ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे में अन्य वाहन भी शामिल थे या नहीं और क्या वे रेस कर रहे थे।

चालक समेत तीन लोग हिरासत में

गिट्टीखदान थाने के निरीक्षक सरन मिराशी ने बताया कि पुलिस ने एसयूवी चालक तुषार काकड़े और उसके साथ मौजूद यश शिंदे और हिमांशु राउत को हिरासत में लिया है। चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

शराब के नशे में होने की भी जांच

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय एसयूवी में सवार लोग शराब के नशे में थे या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में एसयूवी में तीन लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वाहन में तीन से अधिक लोग तो नहीं थे। हादसे में एसयूवी सवार एक व्यक्ति भी घायल हुआ है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और आस-पास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के वक्त कितने वाहन तेज रफ्तार से चल रहे थे और क्या अन्य कारें भी इस हादसे में शामिल थीं। ऐसी ही एक खबर महाराष्ट्र के सातारा जिले से आई थी, जहां पुणे-सातारा हाईवे पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

ये भी पढ़ें-

‘डिजिटल अरेस्ट’ पर न्यायपालिका सक्रिय, संसद के कानून का इंतजार नहीं कर रही: CJI सूर्यकांत

टीचर को बना दिया मुंबई मेयर ऋतु तावड़े का पति, YouTube क्रिएटर पर FIR





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें