4 दिन के बच्चे को 5 लाख में बेचने की थी तैयारी, पुलिस ने जाल बिछाकर नवजात को बचाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हैदराबाद: नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त पर लगाम लगाने की कोशिशों के बीच तेलंगाना के हैदराबाद में बालापुर पुलिस ने चार दिन के एक नवजात बच्चे को कथित तौर पर बेचने की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है।

6 लाख से शुरू हुई थी नवजात को बेचने की डील

बालापुर पुलिस के मुताबिक, चंद्रायनगुट्टा की रहने वाली वहीदा खातून ने बरकस इलाके में रहने वाली मेहरुनिस्सा नाम की महिला से  संपर्क किया और नवजात को बेचने की पेशकश की। बताया जा रहा है कि  नवजात बच्चे की कीमत पहले 6 लाख रुपये तय की गई थी। लेकिन बाद में इसे घटाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया।

शाहीन नगर में होना था सौदा, फिर बदली जगह

पुलिस के मुताबिक नवजात की कथित खरीद-फरोख्त का सौदा पहले शाहीन नगर में तय किया गया था। बाद में जगह बदलकर पहाड़ीशरीफ स्थित जेजीआर फंक्शन हॉल के पास कर दी गई। जैसे ही इस खरीद-फरोख्त की सूचना मिली, सामाजिक कार्यकर्ता सफिया माही ने बालापुर पुलिस की मदद से जाल बिछाना शुरू कर दिया।

सौदा होने से पहले पुलिस ने नवजात को बचाया

जब बच्चे की खरीद-फरोख्त के लिए लेन-देन की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने 4 दिन के नवजात बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और वहीदा खातून को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

मां को अस्पताल से डिलीवरी के दिन ही मिली थी छुट्टी

पुलिस ने बताया कि जिस बच्चे का सौदा किया जा रहा था उसकी मां गोलकोंडा की रहने वाली है। उसने मंगलवार को बच्चे को जन्म दिया था और उसी दिन मलाकपेट के एक अस्पताल से उसे छुट्टी दे दी गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात बच्चे को बेचने की कथित कोशिश में कोई अन्य शख्स भी शामिल था या नहीं।

अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी

बालापुर पुलिस ने मामले की विस्तार से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात को बेचने की कोशिश के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं था। मामले में आगे की जांच जारी है। (रिपोर्ट-एएनआई)

ये भी पढ़ें:


गोरखपुर में बच्ची की हत्या के आरोपी निलंबित सिपाही की अस्पताल में हुई जमकर पिटाई, मेडिकल के दौरान भड़की भीड़

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें