कश्मीरी पंडितों के घर ऐसे बनते हैं दम आलू, मिलेगा बेहतरीन स्वाद, बेहद आसान है रेसिपी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कश्मीरी पंडितों के घर बड़ा ही शुद्ध खाना बनता है। कुछ लोग तो खाने में प्याज, लहसुन का भी इस्तेमाल नहीं करते। सिर्फ ऑथेंटिक मसालों से सब्जी बनाकर खाते हैं जो खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती हैं। इनके खाने में मसालों का अलग ही फ्लेवर आता है। कुछ इसी तरह कश्मीरी दम आलू बनाए जाते हैं। वैसे तो लोग दम आलू बनाने में प्याज, टमाटर और लहसुन का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अगर आपको परंपरागत तरीके से बनने वाले कश्मीरी दम आलू बनाने हैं तो इन्हें बिना प्याज, लहसुन, अदरक और टमाटर के पकाया जाता है। इसमें कुछ खास मसाले पड़ते हैं जो स्वाद को गई गुना बढ़ा देते हैं। आइये जानते हैं कश्मीरी दम आलू बनाने की रेसिपी

कश्मीरी दम आलू की रेसिपी

पहला स्टेप- दम आलू बना रहे हैं तो आप अपने हिसाब से 5-6 आलू या घर में जितने सदस्य है उतने आलू ले लें। दम आलू के लिए अगर आप छोटे आलू का इस्तेमाल करेंगे तो अच्छा है। अगर छोटे आलू नहीं हैं तो आप बड़े आलू को दो टुकड़ों में काटकर छोटा कर लें। सबसे पहले कच्चे आलू को छील लें और फिर इसमें कांटे की मदद से खूब सारे छेद कर दें। 

दूसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में सरसों का तेल या कोई भी सब्जी बनाने वाला तेल डालें। तेल जब अच्छी तरह से गर्म हो जाए तो इसमें छिले हुए आलू डाल दें। अब आलू को कुछ देर मीडियम फ्लेम पर ढककर पकाएं और फिर खोलकर हल्का गलने तक पकाएं। आलू को बीच-बीच में चलाते रहें और करीब 80% तक पका लें। फ्राई होने के बाद आलू को निकाल लें।

तीसरा स्टेप- अब बारी है कश्मीरी दम आलू का मसाला बनाने की, इसके लिए एक कटोरी में 2-3 चम्मच धनिया पाउडर, 2-3 बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, थोड़ी हल्दी, 2-3 चम्मच हरी सौंफ पिसी हुई और 1 चम्मच सौंठ का पाउडर लें। सारी चीजों में पानी डालकर थोड़ी देर फूलने के लिए रख दें। दूसरी ओर एक कटोरी में 3-4 चम्मच गाढ़ा और ताजा दही लें जो खट्टा नहीं होना चाहिए। दही को अच्छी तरह फेंट लें।

चौथा स्टेप- अब जिस कड़ाही में आलू फ्राई किए हैं उसमें से तेल निकाल लें और सिर्फ 1 बड़ा चम्मच तेल ही कड़ाही में रखें। तेल में हींग और जीरा डालें। इसमें थोड़े खड़े मसाले जैसे 2-3 लौंग, 2-3 काली मिर्च कुटी, 1 दालचीनी का टुकड़ा, 1 बड़ी इलायची, 1 तेज पत्ता और पसंदीदा कोई भी दूसरा मसाला डालकर चटकाएं। अब भीगे हुए सूखे मसाले डाल दें। अच्छी तरह मिक्स करते तेल छोड़ने तक मसाले को भूनें। 

पांचवां स्टेप- गैस बंद कर दें और कड़ाही को हल्का ठंडा होने दें। अब कड़ाही में फेंटी हुई दही डालकर लगातार चलाते रहें। थोड़ी देर में गैस ऑन कर लें और फिर लगातार दही को उबाल आने तक धीमी आंच पर पकाएं। इससे दही फटेगी नहीं अगर दही को चलान बंद कर दिया तो दही फट जाएगी। 1 उबाल आने तक पकाएं और फिर जरूरत के हिसाब से पानी डाल दें। 

आखिरी स्टेप- अब इस ग्रेवी में फ्राई आलू डालकर उबालें। जब सब्जी पक जाए तो नमक, कसूरी मेथी और हरा धनिया डालें। स्वाद बढ़ाने के लिए कश्मीरी दम आलू में ऊपर से हींग और देसी घी का तड़का लगाएं। एकदम स्वादिष्ट और अलग फ्लेवर वाले कश्मीरी दम आलू बनकर तैयार हैं। जो खास कश्मीरी पंडितों के घर में बनते हैं।

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें