बदला जमाना, बदल गया इश्‍क: चिट्ठी वाली मोहब्बत से आज के डिजिटल रोमांस तक का सफर, देखिए कैसे बदला प्यार का तरीका!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


Love Across Generations : कहते हैं कि ‘इश्क वही रहता है, बस अंदाज बदल जाते हैं.’ लेकिन अगर हम पिछली कुछ दशकों पर नजर डालें, तो प्यार करने, उसे निभाने और जाहिर करने के तरीकों में इतना बड़ा बदलाव आया है कि इसे ‘क्रांति’ कहना गलत नहीं होगा. दादा-दादी के जमाने की वो ‘चिट्ठी वाली मोहब्बत’ आज मेटावर्स के ‘डिजिटल अवतार’ तक पहुँच चुकी है. आइए जानते हैं कि बेबी बूमर्स, मिलेनियल्स और जेन-जी (Gen Z) के प्यार करने के तरीके में कितना बड़ा अंतर आया है.

1950 और 60 का वो चिट्ठियों वाला दौर

1950 और 60 के दशक(साइलेंट जनरेशन और बेबी बूमर्स वाला जेनरेशन) में प्यार का मतलब था- इंतजार. उस दौर में फोन दुर्लभ थे और सोशल मीडिया का नामोनिशान नहीं था. प्रेम का इकलौता जरिया कागज के टुकड़े और स्याही थी. डाकिए का इंतजार करना, खुशबू वाले खत लिखना और महीनों तक एक-दूसरे की खैरियत जानने के लिए तरसना, उस दौर के रोमांस की खासियत थी. प्यार में ‘ठहराव’ था और अक्सर पहली मुलाकात ही सीधे शादी के मंडप तक ले जाती थी.

70 और 80 के दशक के युवाओं का लैंडलाइन और कैसेट वाला जुनून
70 और 80 के दशक के युवाओं (Gen X) के लिए प्यार थोड़ा और ‘मेलोड्रामैटिक’ हुआ. यह वह दौर था जब घर के आंगन में लगे ब्लैक एंड व्हाइट टीवी और लैंडलाइन फोन ने रोमांस की एंट्री कराई. छुप-छुप कर फोन पर बात करना, रात भर रिसीवर दबाकर आवाजें सुनना और अपनी पसंद के गानों की ‘मिक्स टेप’ बनाकर गिफ्ट करना- यही उस दौर का ‘आई लव यू’ था. बॉलीवुड की फिल्मों ने इस दौर के रोमांस को ‘बागों में दौड़ने’ और ‘पेड़ों के पीछे छिपने’ वाला एक रूमानी रंग दिया.

90 के दशक के अंत में आया SMS और याहू मैसेंजर
90 के दशक के अंत और 2000 की शुरुआत में तकनीक ने दस्तक दी. मिलेनियल्स वह पीढ़ी है जिसने प्यार को PCO से निकलकर मोबाइल तक पहुँचते देखा. याहू मैसेंजर की ‘बज’ वाली धुन और नोकिया के फोन पर 140 शब्दों के SMS में सिमटा प्यार इस पीढ़ी की पहचान बना. इसी दौर में ‘डेटिंग’ शब्द का चलन बढ़ा और वेलेंटाइन डे जैसे त्योहारों ने भारत में अपनी जगह बनाई. प्यार अब थोड़ा और खुलकर सामने आने लगा था.

साल 2000 में स्वाइप और इंस्टेंट कनेक्शन
आज की पीढ़ी यानी ‘जेन-जी’ (Gen Z) के लिए प्यार एक ‘स्वाइप’ की दूरी पर है. टिंडर, बम्बल और हिंगे जैसे ऐप्स ने पार्टनर ढूंढने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है. यहाँ ‘लव एट फर्स्ट साइट’ नहीं, बल्कि ‘लव एट फर्स्ट बायो’ चलता है. इस पीढ़ी के लिए ‘घोस्टिंग’, ‘ब्रेडक्रंबिंग’ और ‘सिचुएशनशिप’ जैसे नए शब्द आम हैं. प्यार अब बहुत तेज है, पारदर्शी है और इसमें पर्सनल स्पेस को लेकर काफी जागरूकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मेटावर्स और डिजिटल रोमांस की दस्‍तक!
अब हम उस मुकाम पर हैं जहाँ प्यार भौतिक सीमाओं को लांघ चुका है. मेटावर्स के आने से अब लोग अपने ‘डिजिटल अवतार’ के जरिए वर्चुअल दुनिया में डेट पर जा रहे हैं. आप अपने घर पर बैठकर हजारों मील दूर किसी शख्स के साथ वर्चुअल पार्क में घूम सकते हैं या वर्चुअल कंसर्ट में डांस कर सकते हैं. यह तकनीक रोमांस को एक नया आयाम दे रही है, जहाँ शरीर नहीं, बल्कि डिजिटल चेतना (Digital Consciousness) एक-दूसरे से जुड़ती है.

कह सकते हैं कि वक्त बदला, साधन बदले और इजहार-ए-इश्क के तरीके भी बदले. लेकिन इन सबके बीच एक चीज जो नहीं बदली, वह है इंसानी जुड़ाव की चाहत. चाहे खत हो या वॉट्सऐप मैसेज, मकसद हमेशा एक ही रहा- किसी खास को यह महसूस कराना कि वह हमारे लिए जरूरी है.



Source link

Leave a Comment

और पढ़ें