ओडिशा के कोरापुट जिले के सेमिलीगुड़ा से 29 जुलाई को लापता हुई 22 वर्षीय महिला की लाश पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के गजपतिनगरम इलाके से बरामद की गई है। महिला की हत्या की गई थी और शव को आंध्र प्रदेश में जमीन के नीचे दफना दिया गया था। मृतका की पहचान अल्बिना गराड़ा के रूप में हुई है। वह कोरापुट जिले के दसमंतपुर इलाके के टुंखाल गांव की रहने वाली थी।
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुनाबेड़ा के काकीगांव निवासी 35 वर्षीय मोहन खिल्ला और सेमिलीगुड़ा के गुरुद्वार इलाके के रहने वाले 19 वर्षीय मिलन कुलदीप के रूप में हुई है। दोनों पर अल्बिना की हत्या करने और शव को आंध्र प्रदेश ले जाकर दफनाने का आरोप है।
29 जुलाई से लापता थी युवती
पुलिस के मुताबिक, अल्बिना 29 जुलाई को सेमिलीगुड़ा से लापता हुई थी। इसके बाद 1 अगस्त को मोहन खिल्ला ने सेमिलीगुड़ा थाने में अल्बिना के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले, जिनसे महिला के साथ किसी आपराधिक घटना की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस ने मोहन और मिलन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अल्बिना के शव को ठिकाने लगाने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपियों से मिली सूचना के आधार पर सेमिलीगुड़ा पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस की मदद से विजयनगरम जिले के गजपतिनगरम इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
पेड़ के नीचे सड़ा शव बरामद
मारुपल्ली गांव के पास एक पेड़ के नीचे जमीन में दफन अल्बिना का आंशिक रूप से सड़ा हुआ शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शव पर मिले कपड़ों की पहचान अल्बिना के पिता ने की। कार्यपालक मजिस्ट्रेट, परिवार के सदस्यों और गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही डीएनए जांच के लिए जैविक नमूने भी सुरक्षित रखे गए हैं, ताकि वैज्ञानिक तरीके से पहचान और जांच की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
जांच के दौरान पुलिस ने एक कार जब्त की है। पुलिस को संदेह है कि इसी वाहन का इस्तेमाल महिला के शव को ले जाने और उसे ठिकाने लगाने में किया गया था। इसके अलावा जमीन खोदने में इस्तेमाल होने वाले हथियार भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन, उनके कपड़े और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए भेजे हैं।
आरोपी के पास दो पत्नियां पहले से हैं
जांच में यह भी सामने आया कि मोहन खिल्ला की दो पत्नियां हैं और उसका अल्बिना के साथ भी संबंध था। पुलिस की जांच में अब तक पता चला है कि घरेलू विवाद के चलते महिला की हत्या की गई। इसके बाद शव को मिलन की मदद से आंध्र प्रदेश ले जाकर दफनाने का आरोप है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। इससे पहले अभी हाल में ही बिहार के पूर्णिया में एक बैंककर्मी ने अपने बच्चों के सामने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ेंः मां-बेटी ने मिलकर की पिता की हत्या, प्रेम प्रसंग में बन रहा था बाधा, बेटे को गुमराह करती रही मां








