लुधियाना नगर निगम में फाइनेंस एंड कॉन्ट्रेक्ट कमेटी (F&CC) के दो सदस्यों के चुनाव को लेकर गुरुनानक देव भवन में मेयर इंदरजीत कौर की अगुआई में हुई बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षद अश्वनी शर्मा और भाजपा पार्षद गौरवजीत गोरा के बीच हाथापाई हो गई। अन्य पार्षदों और पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। इससे पहले भाजपा पार्षदों की विधायक दलजीत भोला से चुनाव को लेकर बहस हो रही थी, जिसके बाद अश्वनी शर्मा विवाद में पहुंच गए।
बीजेपी पार्षदों का हंगामा
जानकारी के अनुसार विपक्षी पार्षद आज ही चुनाव कराने की मांग पर अड़े रहे, जबकि मेयर ने 29 अगस्त को मतदान कराने की बात कही। विपक्ष का आरोप है कि AAP के उम्मीदवार मौजूद नहीं होने के कारण चुनाव टाला जा रहा है। निगम सेक्रेटरी विवेक वर्मा ने शाम 5 बजे तक नामांकन फॉर्म लिए कह दिया है और नियम के अनुसार तीन दिन बाद मतदान होगा।
मेयर ने स्पष्ट किया कि चुनाव बैलेट पेपर से होगा, जबकि भाजपा पार्षद हाथ खड़े करवाकर मतदान कराने की मांग कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी पार्षदों ने कहा कि हम हाथ उठाकर वोट करेंगे। हाई कोर्ट में याचिका दायर करने वाले कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी ने कहा कि हाई कोर्ट ने F&CC के नए सदस्यों का चुनाव 25 अगस्त यानी आज ही कराने को कहा है, इसलिए सदस्यों के लिए वोटिंग आज ही होनी चाहिए। इस बीच, कॉरपोरेशन कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा है कि मेयर इस चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर होंगे। हंगामे के बाद हाउस की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
यहां देखें वीडियो
पार्षदों के बीच नोंकझोक
बताया जा रहा है कि बीजेपी पार्षद सदस्यों के चुनाव को लेकर विधायक दलजीत भोला से बहस कर रहे थे। इससे नाराज होकर पार्षद अश्विनी शर्मा, जो विधायक भोला के पीए (PA) थे, वहां लड़ने पहुंच गए। इसके बाद दोनों पार्टी के पार्षदों के बीच बहस हो गई। बता दें कि लुधियाना नगर निगम में AAP के 48 पार्षद हैं, कांग्रेस के 26, बीजेपी के 19 और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के दो पार्षद हैं।
रिपोर्टः तुषार भारती, लुधियाना
ये भी पढ़ेंः पंजाब चुनाव को लेकर भाजपा ने कर दिया बड़ा ऐलान, सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी पार्टी
सज्जन कुमार पर दीपेंद्र हुड्डा के बयान से कांग्रेस में घमासान, वडिंग और चन्नी ने खोल दिया मोर्चा








