VIDEO: दिन भर तेज आवाज में बजाता था म्यूजिक, मकान मालिक को टोकना पड़ा भारी; 1 साल बाद लिया बदला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


महाराष्ट्र के नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र के अमर नगर में मंगलवार को पुरानी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली खूनी वारदात सामने आई है। तेज आवाज में गाने बजाने और मकान खाली कराने की खुन्नस में एक पूर्व किराएदार ने खूनी खेल खेलते हुए मकान मालिक के परिवार पर तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस भीषण हमले में मकान मालिक की साली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रोशन तराल करीब एक साल पहले धर्मपाल सुदामा डहाट के घर में किराए पर रहने आया था। वह दिनभर रेडियो पर तेज आवाज में म्यूजिक बजाता था, जिससे आस-पास के लोग और खुद मकान मालिक डहाट परिवार परेशान था।

डहाट द्वारा बार-बार टोकने और अनुशासन में रहने की हिदायत देने के बावजूद रोशन अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। मकान मालिक की लगातार टोक-टाक को आरोपी ने अपनी बेइज्जती मान लिया। इसी विवाद के चलते डहाट ने कुछ समय पहले उसका कमरा खाली करवा लिया था। कमरा खाली करते समय भी दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई थी। तभी से रोशन के मन में डहाट परिवार के प्रति गहरी रंजिश सुलग रही थी और वह लगातार बदले की फिराक में था।

हमले में मकान मालिक की साली की मौत

पुरानी खुन्नस के चलते आरोपी रोशन तलवार और चाकू जैसे घातक हथियारों से लैस होकर सीधे डहाट के घर में घुस गया और परिवार पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले में मकान मालिक की साली संगीता राजू चौधरी (जो नंदनवन की रहने वाली थी और उस समय वहां मौजूद थी) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, मकान मालिक धर्मपाल डहाट और उनकी पत्नी वनिता डहाट गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बाहर मौजूद लोगों को भी धमकाया और दोबारा घर के भीतर घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। हालांकि, सतर्क स्थानीय नागरिकों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाहर से दरवाजा कुंडी लगाकर बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एमआईडीसी थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर आरोपी रोशन तराल को धर दबोचा और गिरफ्तार कर लिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दंपति को तुरंत इलाज के लिए वानाडोंगरी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें-

थाने में शिकायत कराने आई महिला से SHO का अफेयर, फिर उसका प्राइवेट वीडियो बनाकर मांगे 2 करोड़; अब गिरी गाज

हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई स्लीपर बस, ड्राइवर और एक सवारी की हुई मौत





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें