पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। हादसे के दौरान होटल में ठहरे लोगों ने बताया कि रात करीब 2:20 बजे चीख-पुकार सुनकर उनकी नींद खुली। नीचे उतरने की कोशिश की गई, लेकिन दूसरी मंजिल पर आग लगी होने के कारण रास्ता बंद था। इसके बाद कई लोग जान बचाने के लिए होटल की छत पर चले गए। होटल में इलाज के लिए कोलकाता आए कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी ठहरे हुए थे। उन्होंने भी हादसे के दौरान पैदा हुई दहशत और बचाव अभियान के बारे में जानकारी दी।
पुरानी इमारत में कई होटल और गेस्ट हाउस
स्थानीय लोगों के मुताबिक, 15 मिर्जा गालिब स्ट्रीट की पुरानी इमारत में करीब 5 से 7 छोटे होटल और गेस्ट हाउस संचालित होते हैं। आग के दौरान कुछ लोगों ने इमारत के पीछे की तरफ मौजूद खिड़कियों से बाहर निकलने की कोशिश भी की। इस दौरान एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
फायर सेफ्टी को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद होटल और पूरी इमारत की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इमारत में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इसके अलावा बिल्डिंग के रखरखाव की स्थिति भी ठीक नहीं होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद प्रशासन की ओर से इमारत में सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी व्यवस्था की भी जांच किए जाने की संभावना है।
धुएं की वजह से स्थिति हुई बेहद गंभीर
पश्चिम बंगाल के मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि फिलहाल 9 लोगों की मौत की जानकारी है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मंत्री के मुताबिक, आग और धुएं की वजह से स्थिति बेहद गंभीर थी और करीब 80 लोगों की जान बचाई गई। उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर ऐसा लग रहा है कि ज्यादातर मौतें धुएं के कारण हुईं। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने भी घटना की जानकारी लेने के लिए उनसे बात की है।
रेस्क्यू के दौरान 9 लोग बेहोशी की हालत में मिले
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही न्यू मार्केट थाने की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड और CESC को भी सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड मुख्यालय और फ्री स्कूल स्ट्रीट फायर स्टेशन से चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों और पुलिस ने होटल के अंदर फंसे करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, रेस्क्यू के दौरान 9 लोग बेहोशी की हालत में मिले। इनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल था। सभी को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें:
बीरभूम में लगी भीषण आग, होटल में सो रहे 8 लोग जिंदा जले, 7 अस्पताल में भर्ती; 28 लोगों को बचाया गया








