Office Stress Management Techniques : ऑफिस में काम का प्रेशर, डेडलाइंस का तनाव और उस पर किसी कलीग या बॉस से तीखी बहस..ऐसे माहौल में किसी को भी गुस्सा आना लाजिमी है. कई बार हम गुस्से में आकर क्लाइंट को गलत ईमेल भेज देते हैं या मीटिंग में कुछ ऐसा बोल जाते हैं, जिसका पछतावा बाद में करियर पर भारी पड़ता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो हार्वर्ड की एक न्यूरोसाइंटिस्ट द्वारा खोजा गया ’90-सेकंड रूल’ (90-Second Rule) आपकी प्रोफेशनल लाइफ को पूरी तरह बदल सकता है. आइए जानते हैं गुस्से को तुरंत काबू करने का यह जादुई साइकोलॉजिकल फॉर्मूला क्या है और यह कैसे काम करता है.
क्या है ’90-सेकंड रूल’ का विज्ञान?
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की न्यूरोएनाटॉमिस्ट डॉ. जिल बोल्ट टेलर के अनुसार, जब भी हमें गुस्सा आता है या कोई बात बुरी लगती है, तो हमारे दिमाग में एक केमिकल रिएक्शन (Chemical Reaction) होता है. इस रिएक्शन की वजह से शरीर में स्ट्रेस हार्मोन रिलीज होते हैं, जो हमारे दिल की धड़कन और गुस्से को बढ़ा देते हैं. दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे केमिकल को शरीर में फ्लश होने और पूरी तरह खत्म होने में सिर्फ 90 सेकंड यानी डेढ़ मिनट का समय लगता है.
इसका मतलब यह हुआ कि जैविक (Biological) रूप से गुस्सा सिर्फ 90 सेकंड का ही मेहमान होता है. उसके बाद भी अगर आपका दिमाग गर्म रहता है, तो वह आपके शरीर की वजह से नहीं, बल्कि उस बात को बार-बार सोचने (Overthinking) की आपकी मानसिक आदत की वजह से होता है.
ऑफिस में इसे कैसे लागू करें?
काम के दौरान जब भी किसी ईमेल या कलीग की बात पर आपका खून उबलने लगे, तो इन 90 सेकंड्स को संभालने के लिए यह 3 स्टेप फॉर्मूला अपनाएं:
रिएक्ट करने से रुकें (The Interruption): जैसे ही गुस्सा आए, तुरंत कीबोर्ड पर उंगलियां चलाना बंद करें या सामने वाले को जवाब देने के बजाय गहरी सांस लें. अपने मन में कहें, “मुझे बस इन 90 सेकंड्स को पार करना है.”
फिजिकल स्पेस बदलें (Move Away): अपनी डेस्क से तुरंत उठें. पानी पीने के लिए पेंट्री एरिया में चले जाएं, वॉशरूम हो आएं या सिर्फ खिड़की के बाहर 1 मिनट के लिए देखें. जब आप अपनी पोजीशन बदलते हैं, तो दिमाग का फोकस उस गुस्से वाली बात से हट जाता है.
सांसों पर ध्यान दें (Box Breathing): 4 सेकंड के लिए गहरी सांस अंदर लें, 4 सेकंड रोकें और 4 सेकंड में बाहर छोड़ें. यह सीधा आपके नर्वस सिस्टम को शांत करता है.
इस रूल के फायदे क्या हैं?
1.करियर बचता है: गुस्से में लिखा गया एक गलत शब्द या ईमेल आपकी सालों की मेहनत और इमेज को खराब कर सकता है. यह रूल आपको ‘रिएक्ट’ करने के बजाय ‘रिस्पॉन्ड’ करना सिखाता है.
2.रिलेशंस सुधरते हैं: ऑफिस पॉलिटिक्स या टीम मीटिंग्स में जब आप शांत रहकर बात संभालते हैं, तो आपकी लीडरशिप क्वालिटी निखर कर सामने आती है.
3.हेल्थ के लिए बेस्ट: हर छोटी बात पर गुस्सा होने से वर्कप्लेस बर्नआउट और हाई ब्लड प्रेशर का खतरा रहता है. यह फॉर्मूला आपके मानसिक स्वास्थ्य को सुरक्षित रखता है.
आखिरी टिप्स- अगली बार जब ऑफिस में कोई आपकी उम्मीद के मुताबिक काम न करे या बॉस का पारा हाई हो, तो तुरंत पलटकर जवाब देने की गलती न करें. घड़ी की सुई को देखें और खुद को वो 90 सेकंड का ‘कूलिंग-ऑफ पीरियड’ दें. यकीन मानिए, डेढ़ मिनट का यह सन्नाटा आपको ऑफिस में एक मेच्योर और सुलझा हुआ एम्प्लोयी बना देगा.(image Credit: Canva)








