Female Anger In Relationships : साइकोलॉजी कहती है कि गुस्सा कभी भी एक ‘अकेली भावना’ (Primary Emotion) नहीं होता, यह हमेशा एक मुखौटा होता है अपने पीछे छिपे दर्द, अकेलेपन और मानसिक थकावट को छिपाने का. अगर आप भी अक्सर खुद से यह सवाल पूछते हैं कि “मेरी पत्नी हमेशा गुस्से में क्यों रहती है?” तो जवाब किसी झगड़े में नहीं, बल्कि ‘मेंटल लोड’ और ‘इमोशनल बर्नआउट’ के उस विज्ञान में छिपा है जिसे समझना हर मॉडर्न कपल के लिए जरूरी हो चुका है. अगर आप इन बातों को समझ लें तो इस आपसी स्ट्रेस को दूर किया जा सकता है.
1. गुस्सा सिर्फ एक मुखौटा
मशहूर मनोवैज्ञानिक पॉल एकमैन के अनुसार, गुस्सा असल में दिल दुखने, डर या निराशा जैसी गहरी भावनाओं को छिपाने का एक मुखौटा है. रिश्तों में जिसे पुरुष चिड़चिड़ाहट या गुस्सा समझ लेते हैं, वह असल में महिला के मन का यह दर्द हो सकता है कि उसकी बात नहीं सुनी जा रही, उसे सपोर्ट नहीं मिल रहा या वह अकेली पड़ गई है. अपनी कमजोरी या लाचारी को सीधे जाहिर न कर पाने के कारण गुस्सा ही बाहर निकलने का जरिया बन जाता है.
मशहूर मनोवैज्ञानिक पॉल एकमैन के अनुसार, गुस्सा असल में दिल दुखने, डर या निराशा जैसी गहरी भावनाओं को छिपाने का एक मुखौटा है.
2. मेंटल लोड और इमोशनल बर्नआउट
लगातार गुस्से की एक बड़ी वजह है ‘मेंटल लोड’ यानी रोजमर्रा की जिंदगी और घर-परिवार को संभालने की वो अदृश्य जिम्मेदारी, जिसे अक्सर नोटिस नहीं किया जाता. अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन के अध्ययन बताते हैं कि महिलाएं घर और बच्चों की भावनात्मक व व्यावहारिक जिम्मेदारियों का एक बड़ा हिस्सा अकेले उठाती हैं. यह मानसिक तनाव उन्हें अंदर से थका देता है. समाजशास्त्री इसे “प्रेशर कुकर इयर्स” (आमतौर पर 30 और 40 की उम्र) कहते हैं, जब करियर, परिवार और बच्चों की परवरिश का दबाव एक साथ सबसे चरम पर होता है. ऐसे में पुराना जमा तनाव एक छोटी सी बात पर भी बड़े ब्लास्ट के रूप में बाहर आता है.
3. अपनी बात न सुने जाने की बेबसी
बार-बार गुस्सा आने के पीछे एक बड़ा मनोवैज्ञानिक कारण बेबसी या ‘पावरलेसनेस’ की भावना है. जब किसी व्यक्ति को लगता है कि फैसले में उसकी कोई भूमिका नहीं है या उसे नजरअंदाज किया जा रहा है, तो फ्रस्ट्रेशन बढ़ना तय है. ‘सेल्फ-डिटरमिनेशन थ्योरी’ भी मानती है कि गरिमा और अपनी बात की वैल्यू होना हर इंसान की बुनियादी जरूरत है. जब पत्नी यह कहती है कि “तुम मेरी बात सुनते ही नहीं हो”, तो वह उस खास पल की बात नहीं कर रही होती, बल्कि वह उस पुराने दर्द को बयां कर रही होती है जो उसने बार-बार महसूस किया है.
4. तनाव में रिएक्शन का बढ़ जाना
जब इंसान बहुत ज्यादा इमोशनल स्ट्रेस में होता है, तो वह ‘रिग्रेशन’ (Regression) का शिकार हो जाता है. यह एक साइकोलॉजिकल डिफेंस मैकेनिज्म है, जिसमें व्यक्ति का खुद पर कंट्रोल कम हो जाता है और वह बहुत ज्यादा रिएक्टिव हो जाता है. जब तनाव हद से ज्यादा जमा हो जाता है, तो भावनाओं को संभालने की क्षमता कमजोर पड़ जाती है. ऐसे में शांत दिखने वाली महिला भी अचानक उग्र प्रतिक्रिया दे सकती है.
मनोवैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार, गुस्से को दबाने या जाहिर करने के कई तरीके होते हैं. कुछ महिलाएं गुस्से को अंदर ही अंदर दबा लेती हैं, जिससे बाद में बड़ा विस्फोट होता है. कुछ अचानक से बहुत तेज गुस्सा (Explosive anger) करती हैं, तो कुछ सीधे न बोलकर तंज कसने (sarcasm) या पूरी तरह चुप हो जाने का रास्ता चुनती हैं. जिन लोगों में इमोशनल इनसिक्योरिटी (Anxious attachment) होती है, वे पार्टनर्स से जरा सा भी कटा हुआ महसूस होने पर आश्वासन और सुरक्षा पाने के लिए गुस्से का सहारा लेते हैं.
महिलाओं के चिड़चिड़ा होने के अन्य कारण-
इन मनोवैज्ञानिक कारणों के साथ-साथ शारीरिक बदलाव भी मूड पर असर डालते हैं. हार्मोनल उतार-चढ़ाव सीधे तौर पर सेरोटोनिन जैसे न्यूरोट्रांसमीटर को प्रभावित करते हैं, जो मूड को रेगुलेट करते हैं. हालांकि शरीर में हो रहे ये बदलाव अकेले गुस्से की वजह नहीं है, लेकिन तनाव और थकान के साथ मिलकर यह संवेदनशीलता को दोगुना कर देती है.
जब गुस्से की जगह सन्नाटा ले ले (The Dangerous Silence)
रिश्ते में सबसे खतरनाक स्थिति वह होती है जब गुस्सा गायब हो जाता है और उसकी जगह पूरी तरह से खामोशी ले लेती है. मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, पत्नी का चुप हो जाना शांति का संकेत नहीं है, बल्कि यह ‘इमोशनल डिसएंगेजमेंट’ (भावनात्मक रूप से रिश्ते से दूर हो जाना) है. जब कोई पार्टनर अपनी नाराजगी जाहिर करना ही बंद कर दे, तो इसका मतलब है कि उसने यह मान लिया है कि अब बातचीत करने का कोई फायदा नहीं है. यह चुप्पी समाधान नहीं, बल्कि रिश्ते में एक गहरी हताशा को दर्शाती है.
इस चक्र को कैसे तोड़ें?
अगर आप इस साइकल को तोड़ना चाहते हैं, तो पत्नी के गुस्से पर रिएक्ट करने के बजाय उसकी जड़ को समझें. इसके लिए ‘एक्टिव लिसनिंग’ अपनाएं-यानी अपनी सफाई देने के बजाय उनकी बात को समझने पर ध्यान दें. उनकी भावनाओं को खारिज करने के बजाय उन्हें वैलिडेट करें (यह मानें कि उनका परेशान होना जायज है). सबसे जरूरी बात, घर और दिमाग के ‘मेंटल लोड’ को आपस में आधा-आधा बांटें. ‘इमोशन-फोकस्ड थेरेपी’ भी मानती है कि जब कपल एक-दूसरे के लिए सुरक्षित स्पेस बनाते हैं, तो रिश्ते की कड़वाहट अपने आप कम होने लगती है.








