पब्लिक सेक्टर के केनरा बैंक ने 1 सितंबर, 2026 से कुछ ATM ट्रांजैक्शन फीस में बदलाव कर दिया है। बैंक ने अपने सेविंग्स अकाउंट होल्डर्स के लिए हर महीने मिलने वाले फ्री ATM ट्रांजैक्शन की संख्या भी घटा कर दी है। इतना ही नहीं, केनरा बैंक ने कम पैसों (Insufficient Funds) की वजह से फेल होने वाले ट्रांजैक्शन और फ्री लिमिट से ज्यादा फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन के लिए भी फीस बढ़ा दी है। हालांकि, सीनियर सिटिजन के लिए फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
केनरा बैंक ने फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल दोनों तरह की फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट घटाई
इस सरकारी बैंक ने सेविंग्स अकाउंट होल्डर्स के लिए एक महीने में फ्री ट्रांजैक्शन (फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल दोनों) की संख्या 6 से घटाकर 5 कर दी है। हालांकि, सीनियर सिटिजन के लिए फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट 8 ही रहेगी, इसमें किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
लिमिट से ज्यादा कैश निकालने पर अब वसूला जाएगा ज्यादा चार्ज
केनरा बैंक के ATM से फ्री लिमिट के बाद कैश निकालने पर वसूली जाने वाली फीस को 20 रुपये + GST से बढ़ाकर 23 रुपये + GST कर दिया गया है। इसमें यूपीआई के जरिए किया जाने वाला कैश विड्रॉल भी शामिल है। इसके अलावा, नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन के लिए फ्री लिमिट से ज्यादा ट्रांजैक्शन होने पर प्रत्येक ट्रांजैक्शन पर 5 रुपये + GST वसूला जाएगा।
केनरा बैंक ग्राहक के अकाउंट में Insufficient Funds होने पर ज्यादा चार्ज
केनरा बैंक ने फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट के बाद, ग्राहक के अकाउंट में कम पैसे यानी Insufficient Funds के कारण फेल होने वाले ट्रांजैक्शन के लिए भी चार्ज बढ़ा दिया है। केनरा बैंक और दूसरे बैंकों के ATM पर किए गए ट्रांजैक्शन के लिए चार्ज अब 23 रुपये + जीएसटी वसूला जाएगा, जो पहले 17 रुपये + GST था।
ग्रीन पिन दोबारा जनरेट करने की फीस में कटौती
इन सबके अलावा, केनरा बैंक ने एक बदलाव और किया है। इस सरकारी बैंक ने अपने क्लासिक, स्टैंडर्ड, प्लेटिनम, बिजनेस, सिलेक्ट और वर्ल्ड कार्ड जैसे कार्ड वेरिएंट के लिए फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट के बाद ग्रीन पिन (Green PIN) दोबारा जनरेट करने का चार्ज 23 रुपये से घटाकर 5 रुपये कर दिया है।
ये भी पढ़ें
27% की भारी गिरावट के साथ लिस्ट हुआ Annu Projects IPO, कहीं आपने तो नहीं लगा दिया था पैसा









