World Letter Writing Day 2026: व्हाट्सएप के दौर में क्‍यों याद आता है डाकिया की घंटी और वो नीला लिफाफा?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


World Letter Writing Day 2026: हर 4 सेकेंड में आने वाले मैसेज और नोटिफिकेशन के इस दौर में दुनिया भले ही रफ्तार से भाग रही हो, लेकिन क्या आपको वो दौर याद है जब दिल की धड़कनें मोबाइल की रिंगटोन से नहीं, बल्कि दरवाजे पर डाकिया की साइकिल की घंटी सुनकर तेज़ हुआ करती थीं? आज ‘वर्ल्ड लेटर राइटिंग डे’ है. एक ऐसा दिन जो हमें भागदौड़ भरी इस डिजिटल ज़िंदगी से खींचकर सीधे अतीत के उस कोने में ले जाता है, जहाँ एक नीले इनलैंड लेटर या पोस्टकार्ड पर लिखी स्याही में पूरी की पूरी दुनिया सिमट जाती थी.

‘इंतज़ार’ जो खूबसूरत हुआ करता था..
आज के दौर में अगर कोई दो मिनट तक व्हाट्सएप पर रिप्लाई न करे, तो लोग बेचैन हो जाते हैं. लेकिन 90s के दशक का प्यार और अपनापन उस ‘इंतज़ार’ पर ही टिका था. वह डाकिया का हर रोज़ रास्ता देखना, खाकी वर्दी वाले को दूर से देखकर दिल में उम्मीद जगना और जब हाथ में वो नीले रंग का लिफाफा आए, तो उसे खोलने से पहले ही एक अजीब सी सिरहन दौड़ जाना- यह सब आज के किसी इमोटिकॉन या GIF में कहाँ?

डिजिटल चैट में हम अक्सर ‘बैकस्पेस’ दबाकर अपने शब्दों को बदल देते हैं, डिलीट कर देते हैं. लेकिन तब कागज़ पर लिखी स्याही में कोई ‘Undo’ का ऑप्शन नहीं होता था. जो लिख दिया, वो दिल से निकला सच्चा अहसास हुआ करता था. कभी कटे हुए शब्द, कभी थोड़ी बिखरी हुई स्याही तो कभी स्‍पेशल महसूस कराने के लिए कागज के कोने पर इत्र लगा देना- हर चिट्ठी के पीछे एक अलग कहानी हुआ करती थी.

ट्रंक में बंद वो यादों का खज़ाना
घर के पुराने अलमीरा, लकड़ी के बक्से या किसी पुरानी किताब के बीच संभाल कर रखे गए वो खत सिर्फ कागज़ के टुकड़े नहीं थे. वो आज भी उन यादों के दस्तावेज़ हैं जो कभी पुराने हुए ही नहीं. पापा का लिखा सख्त लेकिन ममता से भरा खत, हॉस्टल में बैठी बहन का घर के खाने को तरसता संदेश, या दोस्तों की वो बेपरवाह बातें जो सिर्फ एक पन्ने पर ही लिखी जा सकती थीं.

यह तो आप भी मानते होंगे कि हैंडराइटिंग इंसान के मिज़ाज का आईना होती हैं. यही वजह है कि खत की लिखावट देखकर ही समझ आ जाता था कि लिखने वाला खुश है, भावुक है या हड़बड़ी में है.

अहसासों का डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन
ऐसा नहीं है कि आज संवाद कम हुआ है. बल्कि आज हम हर सेकंड जुड़े हुए हैं. लेकिन क्या इस ‘कनेक्टिविटी’ में ‘कनेक्शन’ गहरा हुआ है? व्हाट्सएप के चैट बॉक्स में हज़ारों मैसेज हैं, लेकिन रिश्‍तों में एक अजीब सा खालीपन महसूस होता है. वो खत ही थे जो दूर रहकर भी लोगों को पास रखते थे, क्योंकि एक-एक शब्द को बहुत सोच-समझकर, दिल की गहराइयों से उकेरा जाता था और पत्र की एक ही पंक्तियों को लोग हजार बार भी पढ़ लें तो रोमांच दिया करती थीं.

एक चिट्ठी खुद के और अपनों के नाम
डिजिटल दुनिया की इस तेज़ रफ्तार में ‘वर्ल्ड लेटर राइटिंग डे’ हमें ठहरने का एक मौका देता है. आज अपने स्मार्टफोन को 10 मिनट के लिए किनारे रखिए. एक सादा कागज़ और पेन उठाइए.

अपनी मां, अपने पुराने दोस्त, अपने जीवनसाथी या फिर खुद अपने आप को एक खत लिखिए. जब आपकी उंगलियाँ कीबोर्ड की जगह कागज़ पर पेन चलाएंगी, तो आपको महसूस होगा कि जो बातें आप कभी बोल नहीं पाए या टेक्स्ट में टाइप नहीं कर सके, वे अपने आप कागज़ पर उतरने लगी हैं.

कीबोर्ड से टाइप किए गए मैसेज तो शायद वक्त के साथ डिलीट हो जाएँगे, लेकिन हाथों से लिखा हुआ एक पन्ना हमेशा जिंदा रहेगा—अलमारी के किसी कोने में, या किसी के दिल में!



Source link

Leave a Comment

और पढ़ें