उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक ट्यूबवेल की टंकी में गिरने से चार साल के एक बच्चे की मौत हो गई। यह घटना सेक्टर 113 पुलिस स्टेशन इलाके के सेक्टर 123 में पार्थला गोलचक्कर के पास हुई। बताया जा रहा है कि बच्चा पानी पीने गया था, तभी हादसा हो गया। घटना के वक्त मौके पर नोएडा प्राधिकरण का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
नोएडा अथॉरिटी पर लापरवाही का आरोप
मृतक बच्चे के परिजनों ने नोएडा प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। हादसे के बाद परिवार में मातम, स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुले टंकी और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान मुराजुद्दीन के बेटे फिरोज आलम (उर्फ गोलू) के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, बच्चा मूल रूप से सीतापुर जिले का रहने वाला था और सेक्टर 123 में झुग्गियों में अपने परिवार के साथ रह रहा था। उसके पिता नोएडा में मज़दूरी का काम करते हैं। वह सेक्टर 123 में झुग्गी-झोपड़ी इलाके के पास पानी से भरे एक खोदे गए गड्ढे में गलती से फिसलकर गिर गया था। लड़का उस इलाके में पानी पीने गया था, तभी यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ज़रूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया, जिन्होंने बाद में अंतिम संस्कार किया।
ग्रेटर नोएडा में भी सामने आई थी लापरवाही
इससे पहले 25 जुलाई को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में छह वर्षीय बच्चे की 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी। यह गड्ढा प्राधिकरण द्वारा बोरिंग के लिए खोदा गया था और बारिश के पानी से भरा हुआ था। मासूम अन्य बच्चों के साथ कलाधाम सोसायटी के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया था।
रिपोर्ट- राहुल ठाकुर, नोएडा
ये भी पढ़ेंः ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में गिरने से मासूम बच्चे की मौत मामले में एक्शन, ठेकेदार को किया गया गिरफ्तार








