देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का निधन, हार्ट अटैक से गई जान, 70 की उम्र में ली आखिरी सांस, परिवार ने की पुष्टि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हिंदी सिनेमा के दिग्गज दिवंगत कलाकार देव आनंद के बेटे, 70 वर्षीय सुनील आनंद का लंदन में हार्ट अटैक से निधन हो गया। सुनील आनंद के परिवार ने उनके निधन की पुष्टी की है। परिवार के अनुसार, हार्ट अटैक के चलते सुनील आनंद ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। जारी बयान में बताया गया कि हार्ट अटैक के बाद सुनील आनंद को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। इस खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और अभिनेता के फैंस शोक में डूब गए हैं।

परिवार ने की सुनील आनंद के निधन की पुष्टि

देव आनंद की नातिन और सुनील आनंद की भांजी जीना नारंग ने सुनाल आनंद के निधन की पुष्टि करते हुए ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया। अपने बयान में जीना ने कहा- ‘भारी मन से, हमारा परिवार सुनील आनंद के निधन की पुष्टि करता है और शोक व्यक्त करता है। हमें मिल रहे प्यार, दुआओं और समर्थन से बहुत हिम्मत मिली है, जिसके लिए हम सचमुच आभारी हैं। हम इस मुश्किल समय में प्राइवेसी बनाए रखने का अनुरोध करते हैं।’

सुनील आनंद के बारे में

सुनील आनंद, हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्माता देव आनंद और अभिनेत्री कल्पना कार्तिक के बेटे थे। उनका जन्म स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुआ था। उन्होंने 1984 की फिल्म ‘आनंद और आनंद’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें उनके साथ उनके पिता और दिग्गज अभिनेता देव आनंद भी थे।। इस फिल्म में उनके पिता भी थे और यह उनकी पहली ऑन-स्क्रीन साथ काम करने वाली फिल्म थी। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद वो ‘कार थीफ’ और ‘मैं तेरे लिए’ जैसी फिल्मों में नजर आए। लेकिन, कोई भी फिल्म उनके एक्टिंग करियर को पटरी पर नहीं ला सकी। फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने के बाद, सुनील लाइमलाइट से दूर हो गए और मुंबई में अपने पिता देव आनंद के प्रोडक्शन हाउस, ‘नवकेतन फिल्म्स’ को संभालने पर ध्यान दिया।

2011 में हो गया था देव आनंद का निधन

हिंदी सिनेमा के महानतम सितारों में गिने जाने वाले देव आनंद का 2011 में 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। जिसके बाद पूरा परिवार काफी टूट गया था। सितंबर 2023 में देव आनंद की 100वीं जयंती पर, सुनील आनंद ने अपने पिता को याद किया और उनके साथ अपने घनिष्ठ संबंध और उनकी विरासत के बारे में खुलकर चर्चा की थी। उन्होंने इस दौरान बताया था कि उन्होंने लगभग चार दशक अपने पिता देव आनंद की विरासत, उनके प्रोडक्शन हाउस, नवकेतन फिल्म्स की देखभाल में बिताए थे।

बॉलीवुड के पहले फैशन आइकन थे देव आनंद

देव आनंद अपने समय के सबसे बड़े सितारों में से थे। उनसे जुड़े कई किस्से आज भी मशहूर हैं। यही नहीं, देव आनंद को बॉलीवुड का पहला फैशन आइकन भी माना जाता है। उन्होंने ‘प्रेम पुजारी’, ‘गाइड’, ‘मंजिल’ और ‘हरे कृष्णा हरे रामा’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के जरिए हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान स्थापित की थी। वह अभिनेता के साथ-साथ लेखक, निर्देशक और निर्माता भी थे।

ये भी पढ़ेंः जब सुपरस्टार के घर के बाहर देव आनंद को करना पड़ा था इंतजार, फिर हुआ कुछ ऐसा, दोस्त ने सुनाया दिलचस्प किस्सा

Latest Bollywood News





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें