बिहार के मुंगेर में सावन के पावन महीने के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार टूटकर गिरने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक बिहार पुलिस का जवान और दूसरा रेलवे कर्मचारी था। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
घर से बाहर टहलने निकले थे
मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के समीप अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार टूटकर नीचे गिर गया। उसी दौरान घर से बाहर निकले चाचा पंकज और उनके भतीजे अमन उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
बाबा बैद्यनाथ धाम जाने की थी तैयारी
मृतक अमन बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर समस्तीपुर में कार्यरत थे। सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक करने के लिए वे दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे और आज शाम वह बाबा धाम निकलने वाले थे। वहीं उनके चाचा पंकज भारतीय रेलवे में कार्यरत थे। एक ही परिवार के दो कमाऊ सदस्यों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बिजली विभाग पर लगा लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रतनपुर गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि बिजली विभाग समय पर हाईटेंशन लाइन और ट्रांसफॉर्मर की निगरानी करता, तो शायद दो जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को कब तक राहत मिलती है।
इम्तियाज खान
ये भी पढ़ें-
डेहरी नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, ड्राइवर ने कबूला गुनाह









