भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में शामिल रवींद्र जडेजा श्रीलंका दौरे पर सिर्फ टीम की जीत के लिए ही नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए भी उतरेंगे। दो मैचों की टेस्ट सीरीज में अगर जडेजा सिर्फ दो विकेट और हासिल कर लेते हैं, तो वह भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी कपिल देव के एक बेहद खास क्लब में शामिल हो जाएंगे। खास बात यह है कि जडेजा यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के पहले स्पिन ऑलराउंडर बनेंगे।
कपिल देव के क्लब में होगी एंट्री
36 साल के जडेजा फिलहाल टेस्ट क्रिकेट में 89 मैचों में 348 विकेट ले चुके हैं। इसके साथ ही उनके नाम 4095 रन भी दर्ज हैं। ऐसे में जैसे ही वह 350 विकेट का आंकड़ा छूएंगे, तो टेस्ट क्रिकेट में 4000 से ज्यादा रन और 350 विकेट लेने वाले भारत के पहले स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर बन जाएंगे। अब तक यह उपलब्धि सिर्फ महान ऑलराउंडर कपिल देव के नाम रही है। कपिल ने अपने टेस्ट करियर में 5248 रन बनाने के साथ 434 विकेट भी लिए थे। हालांकि, वह तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर थे, जबकि जडेजा इस मुकाम तक पहुंचने वाले पहले भारतीय स्पिन ऑलराउंडर होंगे। यही वजह है कि श्रीलंका दौरे पर उनकी हर गेंद और हर विकेट पर क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी। बता दें, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में केवल तीन खिलाड़ियों ने 4000 रन बनाने और 350 विकेट लेने का शानदार डबल हासिल किया है। इनमें कपिल देव के अलावा इयान बॉथम और डेनियल विटोरी भी शामिल हैं।
जडेजा का टेस्ट करियर भी किसी प्रेरणादायक कहानी से कम नहीं रहा। उन्होंने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। शुरुआती सालों में वह टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए और कई बार बाहर भी हुए। लेकिन 2015-16 सीजन में उन्होंने दमदार वापसी की और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
टेस्ट में साबित कर चुके हैं काबिलियत
समय के साथ जडेजा ने अपनी बल्लेबाजी में भी जबरदस्त सुधार किया। यही कारण है कि वह लंबे समय से भारतीय टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर बने हुए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 6 शतक, 28 अर्धशतक, 15 बार पांच विकेट और 3 बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा दर्ज है। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में तीन तिहरे शतक भी लगाए हैं, जो उनकी बल्लेबाजी करने की काबिलियत को साबित करता है। T20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे जडेजा ने खिताब जीतने के बाद T20I क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। फिलहाल जडेजा टेस्ट और ODI क्रिकेट में एक्टिव हैं। अब देखना होगा कि जडेजा श्रीलंका दौरे पर ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर पाते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें:
बुमराह से लेकर वॉशिंगटन तक, इंजरी से जूझ रहे कई अहम खिलाड़ी, टेंशन में टीम इंडिया
भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ने किया महिला A टीम का ऐलान, तीन अलग-अलग कप्तानों पर जताया भरोसा









