मध्य प्रदेश में अब बस यात्रा के लिए चुकाने होंगे ज्यादा पैसे, सामान्य से लग्जरी बसों तक नई दरें लागू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मध्य प्रदेश में बस से सफर करने वाले आम यात्रियों की जेब पर अब ज्यादा बोझ पड़ेगा। राज्य शासन के परिवहन विभाग ने बसों के नए और बढ़े हुए किराए का राजपत्र जारी कर दिया है। इसके तहत राज्य में संचालित होने वाली मंजिली बसों (स्टेज कैरिज) के लिए नया अधिकतम यात्री किराया तय कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब सामान्य बसों का मूल किराया ₹2.00 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर तय किया गया है, जबकि न्यूनतम टिकट किराया ₹10 निर्धारित किया गया है।

तय किया गया नया किराया

जारी अधिसूचना के अनुसार, विभिन्न श्रेणियों की बसों के किराए इस प्रकार होंगे-

  • सामान्य बसें: मूल किराया ₹2.00 प्रति किमी (न्यूनतम किराया ₹10)
  • रात्रि बस सेवा: सामान्य निर्धारित किराए से 10% अधिक
  • डीलक्स बस (नॉन ए.सी.): सामान्य किराए से 25% अधिक
  • स्लीपर बस: सामान्य किराए से 40% अधिक
  • डीलक्स बस (ए.सी.): सामान्य किराए से 50% अधिक
  • सुपर लग्जरी कोच (ए.सी.): सामान्य किराए से 75% अधिक

इन सेवाओं पर नहीं लगेगा अतिरिक्त शुल्क

  • डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त नाइट चार्ज नहीं वसूला जाएगा।
  • एक्सप्रेस बस सेवाओं के लिए भी यात्रियों को कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा।

महाराष्ट्र में MSRTC की बसों का किराया 13.56% बढ़ा

वहीं, बीते दिनों महाराष्ट्र में स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (MSRTC) बसों के किराए में 13.56% की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। खाड़ी देशों में तनाव के कारण डीजल की कीमतों में उछाल, कर्मचारियों के भत्तों में इजाफा और स्पेयर पार्ट्स व टायरों की बढ़ती लागत के चलते यह फैसला लिया गया है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह नई बढ़ोतरी आम बसों पर पहले से लागू 10% के सीजनल किराए की जगह लेगी, जिससे यात्रियों को दोहरी मार नहीं झेलनी पड़ेगी।

सरकार और MSRTC के मुताबिक, बढ़ती लागत के बीच राज्य के लाखों यात्रियों को सुरक्षित, उच्च गुणवत्ता वाली और बिना रुकावट बस सेवाएं देने के लिए यह आर्थिक समायोजन जरूरी था। इस कदम का मुख्य उद्देश्य निगम की वित्तीय स्थिरता को बनाए रखना है, ताकि रोजाना के संचालन का बोझ कम हो सके और यात्रियों को भविष्य में भी भरोसेमंद व सुगम यात्रा सुविधाएं मिलती रहें।

ये भी पढ़ें-

दतिया उपचुनाव के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव, सभी विभाग और प्रकोष्ठ भंग, जानें क्यों

ई-रिक्शा में सवारी बैठाकर बनाते थे निशाना, चोरी के पैसों से बना डाला 2.5 करोड़ का आलीशान बंगला; 18 सालों में 40 वारदातों का खुलासा





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें