पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी आधी रात कैमरा लेकर रेत माफियाओं पर रेड डालने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने दिखाया कि पंजाब में कैसे रेत खनन हो रहा है। उन्होंने इस काम में शामिल लोगों की भी पकड़ा और आरोप लगाया कि यह सब पंजाब के सीएम भगवंत मान की सह से हो रहा है। चन्नी आधी रात के बाद जालंधर के नकोदर इलाके में पहुंचे। इस इलाके में सतलुज नदी के किनारे बड़े पैमाने पर बालू के खनन का काम होता है।
चन्नी ने बालू माफिया के ट्रकों को पकड़ा, जो मजदूर बालू के खनन का काम करते हैं, उन्हें भी पकड़ा। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि भगवंत मान की सरकार की शह पर ही पूरे पंजाब में अवैध रेत खनन हो रहा है। रोज रात में सैंकड़ों ट्रक रेत निकाली जाती है, लेकिन सरकार को कोई रेवेन्यू नहीं मिलता। चन्नी ने कहा कि मॉनसून के वक्त रेत खनन पर रोक होती है। रात में माइनिंग करना कानून के खिलाफ है। इसके बावजूद धड़ल्ले से रेत की चोरी हो रही है। पंजाब को लूटा जा रहा है।
आप बोली- ड्रामा कर रहे हैं चन्नी
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने चन्नी के आरोपों को बेबुनियाद बताया। नकोदर जिला परिषद के अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी के नेता दर्शन सिंह ने कहा कि चन्नी सरकार को बदनाम करने के लिए ड्रामा कर रहे हैं। झूठे आरोप लगा रहे हैं, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि जनता आम आदमी पार्टी के साथ है।
रेत खनन की चिंता कम, ड्रामा ज्यादा
पंजाब में अवैध रेत खनन तो होता है। रात में रेत की चोरी भी होती है, लेकिन चरणजीत सिंह चन्नी ने किन लोगों को पकड़ा, इस पर सवाल है। चन्नी ने जो किया उसमें अवैध रेत खनन की चिंता कम और ड्रामा ज्यादा दिखाई दिया। पंजाब में चुनाव आने वाले हैं। राजा वडिंग हों या चन्नी। सुखबीर बादल हों या बिट्टू। सब सत्ता के सपने देख रहे हैं। सब एक से एक बढ़कर ड्रामे कर रहे हैं। इन सबको सोचना होगा कि अगर उन्होंने पंजाब के लोगों की संवेदनाओं को नहीं समझा तो वो रैडिकल फोर्स के लिए जगह बनाने के लिए जिम्मेदार होंगे, जो देश के हित में नहीं होगा।
यह भी पढ़ें-
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का ऐलान, सीएम भगवंत मान के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव









